शिवम मिश्रा, रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास नीट परीक्षा से जुड़े पूरे मामले पर संसद में चर्चा कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता हिरासत में लिए गए, जिसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस कल प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह प्रदर्शन कल सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध करेंगे।
कांग्रेस ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भी किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि वह इन मुद्दों पर छात्र समुदाय के समर्थन में देशव्यापी आंदोलन चला रही है।
कांग्रेस के अनुसार दिल्ली में छात्रों के समर्थन में किए गए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया था। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए पार्टी ने इसके खिलाफ प्रदेशभर में जनआंदोलन का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि निर्धारित समय पर जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
कांग्रेस का कहना है कि जब तक छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेही तय नहीं करती, कथित पेपर लीक मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा। प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


