आशुतोष तिवारी, जगदलपुर. आपने कैश, ज्वेलरी या किसी कीमती सामान की चोरी की घटना जरूर सुनी होगी, लेकिन महंगाई के दौर में अब चोर पेट्रोल पर हाथ साफ करने में लगे हैं. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां अज्ञात चोर ने नकदी या कीमती सामान की बजाय 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट पर हाथ साफ कर दिया. घटना पुलिस थाना से 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक, घटना भानपुरी में सोमवार और मंगलवार के दरमियानी रात करीब 1:52 बजे की है. आरोपी तीन ठेला नुमा दुकानों के पास पहुंचा. उसने दुकानों के ताले तोड़े और करीब 20 मिनट तक वहां मौजूद सामान खंगालता रहा. इसके बाद करीब रात 2:12 बजे आरोपी अपने सिर पर 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर मौके से फरार हो गया. पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई, लेकिन चोर इतनी फुर्सत में था कि उसे देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह चोरी नहीं खरीदारी करने आया हो.
बताया जा रहा है कि चोरी सिर्फ एक दुकान में हुई है, जबकि बाकी दुकानों के केवल ताले तोड़े गए हैं. मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस जुटी हुई है.
संक्षेप में पूरी घटना
Q1. कहां हुई चोरी की वारदात ?
बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र में ठेला नुमा दुकानों में चोरी हुई है.
Q2. दुकान से क्या-क्या साथ ले गया चोर?
चोर 25 लीटर पेट्रोल, सिगरेट और ड्राई फ्रूट चोरी कर फरार हो गया.
Q3. चोरी की घटना कब हुई?
चोर रात 1:52 बजे दुकान में घुसा और करीब 2:12 बजे सामान लेकर फरार हो गया. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
Q4. चोरी की वारदात को किसने अंजाम दिया?
फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.
Q5. चोर ने वारदात को कैसे अंजाम दिया?
पहले रेकी की, फिर दुकानों का ताला तोड़ दिया, 20 मिनट तक सामान खंगाला. फिर पेट्रोल समेत कुछ अन्य सामान लेकर भगा.
Q6. चोर ने पेट्रोल को ही निशाना क्यों बनाया?
इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. हालांकि 25 लीटर पेट्रोल की चोरी को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

