प्रतीक पटनायक, धमतरी. छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले में लगातार हो रही तेज बारिश जानलेवा साबित हो रही है. सिहावा थाना क्षेत्र में एनीकट में बहने से एक मछुआरे की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने लगातार दो दिनों तक तलाश अभियान चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद मृतक का शव बरामद कर लिया गया.

जानकारी के मुताबिक, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट गए थे. इसी दौरान क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण एनीकट का जलस्तर अचानक बढ़ गया. देखते ही देखते रपटे पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया. धनंजय पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से बह गए.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया. तेज बहाव और लगातार हो रही बारिश के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. इसके बावजूद टीम ने लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा.

लगातार प्रयास के बाद गुरुवार को रेस्क्यू टीम ने एनीकट से कुछ दूरी पर धनंजय तेता का शव बरामद कर लिया. शव को  पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

लगातार बारिश के चलते जिले के नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और एनीकट के पास जाने से बचें. जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें. 

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H