सुप्रिया पांडेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रदेश का पहला हाईटेक महतारी सदन सह आंगनबाड़ी केंद्र बनकर तैयार हो गया है। टाटीबंध क्षेत्र में 85 लाख रुपये की लागत से 4500 वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित यह केंद्र अब तक का प्रदेश का सबसे आधुनिक और अत्याधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र माना जा रहा है। इस हाईटेक महतारी सदन का लोकार्पण कल रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत द्वारा किया जाएगा।

बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर किया गया डिजाइन
टाटीबंध में निर्मित यह हाईटेक महतारी सदन सह आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को केंद्र में रखकर विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यहां पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेल–खेल में सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी सीखने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी और रोचक बन सकेगी।

स्मार्ट क्लासरूम से लेकर आधुनिक प्ले एरिया तक की सुविधा
इस अत्याधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक इंडोर और आउटडोर प्ले एरिया, स्वच्छ और हाइजेनिक किचन, बच्चों के लिए डायनिंग एरिया, स्टोर रूम और प्रशासनिक कक्ष की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग वॉशरूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पर्याप्त जगह होने के कारण यहां बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जो प्रदेश के कई पुराने आंगनबाड़ी केंद्रों में जगह की कमी के कारण संभव नहीं हो पाती थी।
सीमित संसाधनों की समस्या से मिलेगी राहत
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र सीमित जगह में संचालित हो रहे हैं, जहां कई बार एक ही कमरे में सभी गतिविधियां संचालित करनी पड़ती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नए और आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों की शुरुआत की जा रही है, ताकि बच्चों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।

खेल के माध्यम से सीखने पर विशेष जोर
टाटीबंध के इस हाईटेक महतारी सदन में बच्चों के मनोरंजन और सीखने के लिए फिसलपट्टी, झूला, शतरंज, बास्केटबॉल, सांप–सीढ़ी, कैरम सहित कई प्रकार के इंडोर और आउटडोर खेलों की व्यवस्था की गई है। इसे केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक सीमित न रखते हुए एक समग्र ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है।
अन्य क्षेत्रों में भी बनेंगे आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र
जानकारी के अनुसार रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में इसी तर्ज पर और भी हाईटेक व आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव है, जिनका कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। यह पहल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाने के साथ-साथ महिलाओं और माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

