सूरजपुर/बिलासपुर/जांजगीर-चांपा। एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने प्रदेशभर में सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। अलग-अलग जिलों में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील अंतर्गत करकोली गांव में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महेश गुप्ता के गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान यहां से 35 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 23 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

बिलासपुर में कालाबाजारी का वीडियो आया सामने

बिलासपुर में गैस की कालाबाजारी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय नगर क्षेत्र में ‘गरिमा किचन केयर’ नाम की दुकान की आड़ में घरेलू गैस सिलेंडर से दूसरे गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। वायरल वीडियो में खुलेआम सिलेंडर से सिलेंडर में गैस भरते हुए देखा जा सकता है। मामले के सामने आने के बाद जिला खाद्य विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही है।

देखें VIDEO

इधर जांजगीर-चांपा जिले में भी खाद्य विभाग की टीम ने पामगढ़-शिवरीनारायण क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट में छापेमारी की। इस दौरान होटल व्यवसायियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग को रोकने के लिए कार्रवाई करते हुए 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

प्रदेश में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं – CM साय

गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गैस सिलेंडर संकट को लेकर कहा है कि प्रदेश में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी को लेकर दुष्प्रचार ज्यादा किया जा रहा है और पेट्रोलियम पदार्थों का आयात लगातार जारी है, जिससे आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H