CG News : मिथलेश गुप्ता, जशपुर. एक ओर विकास के दावे हैं, दूसरी तरफ यह तस्वीर. छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था को देखकर किसी का भी दिल पसीज जाएगा. बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से स्कूल के पास बना हैंडपंप खराब पड़ा है, जिसके कारण स्कूली बच्चे खेतों से बहकर आ रहे पानी को पीने के लिए मजबूर हैं.
दरअसल, पूरा मामला ग्राम पंचायत सुलेसा के शासकीय प्राथमिक शाला करमघाट का है. यहां पिछले कई दिनों से हैंडपंप से लाल पानी निकलता है. वहीं गांव में बिजली की समस्या के चलते बोर भी संचालित नहीं हो पा रहा है. ऐसे में छात्र-छात्राएं पास में खेतों से बहकर आ रहे पानी को पीने के लिए मजबूर हैं.

बच्चों के पास अपनी प्यास बुझाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है, जिसके कारण वे मजबूरी में नाले के पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं. दूषित पानी पीने से मासूम बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा भी बना हुआ है.

जल्द सुधारा जाएगा बोरिंग : BEO सुदर्शन
मामले की शिकायत बगीचा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से की गई है. इस पर BEO सुदर्शन पटेल ने PHE विभाग को पत्र जारी कर खराब बोरिंग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है.
अब देखना होगा की समस्या कब तक ठीक होती है. हालांकि जब तक बोरिंग ठीक नहीं हो जाती, तब तक इन नौनिहालों को प्यास बुझाने के लिए नाले के गंदे पानी पर ही निर्भर रहना पड़ेगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

