सुशील सलाम, कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है. बीते दो दिनों में मलेरिया की चपेट में आने से दो 9 वर्षीय छात्रों की मौत हो गई है, जबकि इरादाह में 3 और मर्दापोटी छात्रावास में रहने वाले 8 छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं. लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है.

जानकारी के अनुसार, डोमाहर्रा निवासी तीन सगी बहनों को तेज बुखार के बाद जिला अस्पताल लाया गया था, जहां 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा की 25 जुलाई को मौत हो गई, जबकि उसकी दो बहनों का इलाज जारी है. वहीं मर्दापोटी छात्रावास में सिर दर्द और बुखार की शिकायत पर छात्रों की जांच की गई, जिसमें शुरुआत में चार छात्र मलेरिया पॉजिटिव मिले. इनमें 9 वर्षीय छात्र सुभाष कुमेटी की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अपने साथ ले गए थे. रविवार सुबह तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

छात्रावास के 11 छात्र मिले संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि मर्दापोटी और इरादाह छात्रावास के 11 से छात्र मलेरिया संक्रमित मिले हैं. प्रभावित छात्रावासों और गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप लगाकर छात्रों की जांच, दवा वितरण और उपचार कर रही है. विभाग ने सभी छात्रावासों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं.

22 जुलाई तक नहीं था कोई मलेरिया संक्रमित

आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया कि 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई थी, तब कोई भी मलेरिया संक्रमित नहीं मिला था. 24 जुलाई के बाद अचानक मामले सामने आए हैं.

सीएमएचओ डॉ. आर. सी. ठाकुर ने कहा कि अचानक आउट ब्रेक हुआ है. लगातार टीम द्वारा हॉस्टल जाकर परीक्षण कर रहे हैं. लेकिन 22 जुलाई तक कोई पॉजिटिव नहीं मिला था. जिनकी मौत हुई है, उनमे 22 तारीख तक मलेरिया की जांच में पॉजिटिव नहीं मिले थे. लेकिन 24 तारीख के बाद दो मासूम बच्चों की मौत हुई है. आज इरादाह और मर्दापोटी में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है. इसके साथ ही अब स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी छात्रावासों में स्वास्थ्य शिविर लगाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H