गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही/पिथोरा. छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से मानसून एक्टिव है. अलग-अलग जिलों में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है. जलस्तर बढ़ने से नदी-नाले उफान पर है. नालों के ऊपर से तेज बहते पानी में भी लोग लापरवाही बरतना नहीं छोड़ रहे हैं.
उफनती नदी में डूबा 17 वर्षीय नाबालिग, रेस्क्यू जारी
महासमुंद जिले में लगातार बारिश के बीच बाघ नदी का बढ़ा जलस्तर जानलेवा साबित हुआ है. पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में नदी में 17 वर्षीय नाबालिग हरिशंकर ठाकुर डूब गया. घटना के बाद एनडीआरएफ टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिल सका है.

जानकारी के मुताबिक, हरिशंकर ठाकुर नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर वह डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया. घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और एनडीआरएफ की टीम के साथ तलाश अभियान में समन्वय कर रही है. पिछले 24 घंटे से जवान लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.
जोखिम डालकर नाला पार करना बुजुर्ग को पड़ा भारी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लगातार जारी मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. हालात बिगड़ने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर उफनते नदी-नालों को पार करने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला खोडरी थाना क्षेत्र के बढ़ावनढांड-पीपरखूंटी मार्ग का है, जहां खूंटी नाले के तेज बहाव में एक बुजुर्ग बाइक सवार बहने से बाल-बाल बच गया.

जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण नाले के रपटे पर पानी का तेज बहाव था और दोनों ओर ग्रामीण जलस्तर घटने का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक बुजुर्ग बाइक सवार वहां पहुंचा. ग्रामीणों ने उसे शोर मचाकर नाला पार करने से रोका, लेकिन वह नहीं माना और बाइक उफनते नाले में उतार दी. बीच में पहुंचते ही पानी के तेज थपेड़ों से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बुजुर्ग बाइक सहित पानी में गिर पड़ा. गनीमत रही कि बुजुर्ग ने किसी तरह खुद को संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकल आया.

घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने इस पूरे हादसे का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने पर यहां स्थिति भयावह हो जाती है. ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील नालों और रपटों पर पुलिस की तैनाती या संकेतक लगाए जाने की मांग की है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


