Chhattisgarh : मिथलेश गुप्ता, जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर जहर खाकर सुसाइड का प्रयास किया. युवक अपनी पत्नी से परेशान होकर शिकायत लेकर थाने पहुंचा था. पुलिसकर्मी उससे उसकी परेशानी का कारण पूछ रहे थे. इसी दौरान उसने थाना परिसर में ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.

पत्नी से परेशान होकर पहुंचा था थाना

जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी से जुड़ी घरेलू परेशानियों को लेकर बगीचा थाने पहुंचा था. बताया जा रहा है कि वह पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर मानसिक तनाव में था. थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उससे उसकी परेशानी और विवाद की वजह जानने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान युवक ने अपने साथ लाया जहर का अचानक सेवन कर लिया. घटना से थाना परिसर में हड़कंप मच गया.

पुलिसकर्मियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया

युवक के जहर का सेवन करने के बाद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे उपचार के लिए बगीचा अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. 

थाना परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. युवक किन परिस्थितियों में थाने पहुंचा था और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पत्नी के साथ विवाद और युवक की मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा सकती है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H