सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल को पत्र लिखा है। तकनीकी कारणों से प्रदेश के शासकीय और निजी नर्सिंग महाविद्यालयों में अब तक काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में निर्धारित समय के भीतर प्रवेश प्रक्रिया के सभी चरण पूरे करना संभव नहीं है। इसे देखते हुए चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने नर्सिंग के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 करने की मांग की है।

तकनीकी कारणों से शुरू नहीं हो सकी काउंसिलिंग
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश कुमार अग्रवाल ने सोमवार 26 अक्टूबर को इंडियन नर्सिंग काउंसिल, नई दिल्ली के सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में बताया गया है कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल की 24 सितंबर 2026 की अधिसूचना के अनुसार, नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
हालांकि, प्रदेश के शासकीय और निजी नर्सिंग महाविद्यालयों में तकनीकी कारणों से प्रवेश प्रक्रिया बाधित हुई है। इसके चलते अब तक काउंसिलिंग शुरू नहीं हो सकी है। कम समय में सभी पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग के विभिन्न चरणों को पूरा करना संभव नहीं है।
15 दिसंबर तक प्रवेश की अनुमति देने की मांग
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने पत्र के माध्यम से बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और डिप्लोमा इन साइकिएट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने का अनुरोध किया है।
इस पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव, पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के कुलसचिव और छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के रजिस्ट्रार को भी भेजी गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

