रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होने जा रहे हैं। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्तियों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है।

इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, B.Sc. Agri, स्नातक और स्नातकोत्तर (MBA/MCA आदि) योग्यताधारी युवा आवेदन कर सकते हैं। विभाग अन्य औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क कर रहा है, जिससे रिक्तियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

मैन्युफैक्चरिंग से हेल्थकेयर तक नौकरियां

रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग-फाइनेंस, ऑफिस वर्क एवं HR, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स-डिलीवरी और कृषि-एग्री बिजनेस जैसे क्षेत्रों में अवसर मिलेंगे।

उपलब्ध पदों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर (QA/QC), सेल्स एग्जीक्यूटिव/ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर और पिकर-पैकर शामिल हैं। विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस और ट्रेनी के पद भी हैं।

सेक्टरवार उपलब्ध रिक्तियों में टेक्निकल-मैन्युफैक्चरिंग में करीब 4,800, लॉजिस्टिक्स-ट्रांसपोर्ट में 1,600, सिक्योरिटी में 650 और हेल्थकेयर-केयर सर्विसेज में करीब 580 पद शामिल हैं।

इन कंपनियों में भी मौके

मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित विभिन्न कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

इनमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ देश के अन्य राज्यों में रोजगार के अवसर भी शामिल हैं।

ई-रोजगार पोर्टल से करें आवेदन

अभ्यर्थी erojgar.cg.gov.in पर उपलब्ध रिक्तियों को देखकर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन कर प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। इसके बाद पसंद का पद चुनकर आवेदन करने और प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्रिंट निकालने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

पोर्टल पर उपलब्ध प्रोफाइल और आवेदनों के आधार पर नियोजक अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगे।

मेले में ये दस्तावेज ले जाना जरूरी

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र का प्रिंट, पहचान पत्र, शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखना होगा। अनुभव प्रमाण-पत्र लागू होने पर ले जाना होगा। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लेकर पहुंचने की सलाह दी गई है।

8 अक्टूबर को मिलेगा ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अध्यक्षता करेंगे।

संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि विभाग की ओर से अन्य प्रमुख उद्योगों और नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। रोजगार मेले में भाग लेने वाले उद्योग और नियोजक 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H