दिलशाद अहमद, सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में नेहरू पार्क में रविवार को युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल जान बचाने के लिए दौड़ते-दौड़ते गिर पड़ी. घटना से लोगों में हड़कंप मच गया. उन्होंने एम्बुलेंस बुलाकर युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया. रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया. वहीं वारदात के तुरंत बाद आरोपी युवक बाइक लेकर मौके से भाग गया. हालांकि कुछ घंटों में ही पुलिस ने उसे जंगल से गिरफ्तार कर लिया. पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, रितेश राजवाड़े और युवती राधिका राजवाड़े के बीच प्रेम संंबंध था. युवक को शक था कि युवती किसी दूसरे युवक से भी बातचीत करती है. इसी शक ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. गुस्से में आकर रितेश ने अपने पास रखा चाकू निकाला और राधिका के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल राधिका को जिला अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही राधिका ने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
युवती की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं शहर में घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए. मौके से मिले भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई.
आरोपी गिरफ्तार
वारदात के कुछ घंटों में ही जंगल से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने युवती से प्रेम प्रसंग होने की बात स्वीकारा और दूसरे लड़के से बात करने की नाराजगी को लेकर वारदात को अंजाम देना बताया. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ जारी है. हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


