शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। छिंदवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती दीपिका मिलामपुरे ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष और उनके साथियों पर घर आकर अभद्रता करने और फोन पर जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। FIR दर्ज न होने से नाराज युवती रात भर थाने के सामने धरने पर बैठी रही। वहीं दूसरे पक्ष की युवती ने भी थाने पहुंचकर पीड़िता के खिलाफ आवेदन सौंपा है।
सोशल मीडिया विवाद से शुरू हुई रार, घर तक पहुंची बात
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर कथित गलत जानकारी फैलाकर छवि खराब करने को लेकर हुई। पीड़िता दीपिका मिलामपुरे का आरोप है कि जब उसने सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने का विरोध किया, तो उसे फोन पर धमकियां दी गईं। पीड़िता का दावा है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा, दुर्गा वाहिनी की अध्यक्ष श्रद्धा पटेल और उनके अन्य साथी उसके घर पहुंच गए। घर पर बहस के दौरान विवाद काफी बढ़ गया, जहां योगेंद्र राणा पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
FIR की मांग पर अड़ी युवती, रात भर थाने के बाहर धरना
घटना के बाद दीपिका कोतवाली थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा शिकायत आवेदन लेने के बावजूद तत्काल प्राथमिकी दर्ज न किए जाने से नाराज होकर युवती थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गई और पूरी रात वहीं डटी रही।
क्रॉस कंप्लेंट के बाद जांच में जुटी पुलिस
मामले में मोड़ तब आया जब दूसरे पक्ष की युवती भी कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत आवेदन सौंपा। दूसरे पक्ष ने भी दीपिका पर फोन पर गाली-गलौज करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। पूरे मामले को जांच में ले लिया गया है और तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


