शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया स्थित कुर्सीढाना गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलते समय जहरीली गैस का रिसाव हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से काम कर रहे दो मजदूर मोहन कुमरे और दियालाल धुर्वे मौके पर ही बेहोश हो गए।

अस्पताल ले जाते समय एक मजदूर ने तोड़ा दम, दूसरा छिंदवाड़ा रेफर

हादसे के तुरंत बाद दोनों मजदूरों को बेहद गंभीर हालत में इलाज के लिए तामिया सिविल अस्पताल लाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद मोहन कुमरे को नहीं बचाया जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे मजदूर दियालाल धुर्वे की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

शुरुआती जांच में जहरीली गैस रिसाव बना हादसे का कारण

स्थानीय प्रशासन और पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह नवनिर्मित सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस का अचानक रिसाव होना बताया जा रहा है। बंद टैंक में लंबे समय से जमा गैस शटरिंग खोलते ही बाहर निकली, जिससे दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m