सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिंगरौली दौरे के दौरान एक बेहद भावुक और मानवीय तस्वीर सामने आई है। ‘सिंगरौली गौरव दिवस’ के उपलक्ष्य में दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री अचानक विंध्य नगर NTPC स्थित प्रसिद्ध ‘इलाहाबादी समोसे’ की दुकान पर रुक गए। मुख्यमंत्री को अचानक अपने सामने देखकर न सिर्फ दुकानदार बल्कि आसपास मौजूद आम लोग भी हैरान और उत्साहित हो गए।
समोसे का लिया स्वाद, दुकानदार से की आत्मीय बातचीत
दुकान पर पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़े चाव से गरमा-गरम समोसे का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने वीआईपी प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए दुकान संचालक से बेहद आत्मीय और सीधी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने एक अभिभावक की तरह दुकानदार से उसके परिवार और बच्चों के बारे में पूछा।
बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकर जताया संतोष
मुख्यमंत्री के पूछने पर दुकान संचालक ने बताया कि उसका बेटा इस समय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि बेटी बी.एड की पढ़ाई कर रही है। बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य के प्रति समर्पण जानकर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई।
‘यहां किसी प्रकार की कोई दिक्कत तो नहीं है?’
मुख्यमंत्री ने सिर्फ परिवार का हाल ही नहीं जाना, बल्कि दुकानदार से यह भी पूछा कि उन्हें व्यापार करने में या वहां रहने में किसी प्रकार की कोई परेशानी या प्रशासनिक दिक्कत तो नहीं आ रही है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना सहज व्यवहार
मुख्यमंत्री के इस सहज, सरल और जमीनी व्यवहार से दुकान संचालक और वहां उपस्थित जनसमुदाय बेहद गदगद नजर आया। आम लोगों से बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे संवाद करने और उनकी सुध लेने की मुख्यमंत्री की यह तस्वीर अब क्षेत्र के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रही है।

