इमरान खान, खंडवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खंडवा जिले के पवित्र तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने दादा गुरु की नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होकर मां नर्मदा का विधि-विधान से पूजन और जलाभिषेक किया तथा नर्मदा संरक्षण और सेवा का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलश उठाकर यात्रा में सहभागिता की और दादा गुरु के साथ गजानन आश्रम से ममलेश्वर मंदिर तक पैदल पदयात्रा भी की। इसके बाद ममलेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। सीएम के साथ मंत्री प्रहलाद पटेल भी थे। इससे पहले कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग भी शामिल हुए थे।
नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मां नर्मदा के संरक्षण, स्वच्छता और सेवा के लिए जनसहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया।

