केंदुझर: आज उत्कल गौरव मधुसूदन दास की 178वीं जयंती है. इस अवसर को राज्य सरकार बड़े ही धूमधाम से मना रही है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आज केंदुझर के दौरे पर हैं.

मुख्यमंत्री ने केंदुझर स्थित बाबा साहेब अंबेडकर और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की. उनके साथ उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, सांसद अनंत नायक, तेलकोई विधायक एवं जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. फकीर चरण नायक भी उपस्थित रहे. इन सभी नेताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मधुबाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

मधुबाबू के साथ केंदुझर के आत्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा – “केंदुझर प्रजा आंदोलन के दौरान एक विलक्षण वकील के रूप में न्याय दिलाने में मधुबाबू की भूमिका अविस्मरणीय है.” मुख्यमंत्री ने इस पावन मिट्टी पर उन्हें स्मरण करते हुए खुद को धन्य माना.