नवोदित, कुरुक्षेत्र:- लाडवा विधानसभा में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी.लाडवा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के जन्मदिवस को सेवा और संकल्प के रूप में मनाया गया। रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। विपक्ष और बंगाल चुनाव परिणामों पर दी प्रतिक्रिया। मुख्यमंत्री ने बंगाल चुनाव और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत को विकास की जीत बताते हुए ममता सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के जन्मदिवस को सेवा और संकल्प के रूप में मनाया गया। लाडवा के शिवाला रामकुंडी में रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जहाँ उन्होंने न केवल युवाओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि विपक्ष और बंगाल चुनाव परिणामों पर भी तीखे प्रहार किए।
मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर उनके इस नेक कार्य की सराहना की। बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने इस शिविर में हिस्सा लेकर मानवता का संदेश दिया।
शिविर के साथ-साथ, मुख्यमंत्री नायब सैनी और उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी ने मनोहर लाल खट्टर की लंबी आयु की कामना करते हुए हवन-यज्ञ में पूर्ण आहुति भी डाली।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने बंगाल चुनाव और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत को विकास की जीत बताते हुए ममता सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार ने केवल विकास में बाधा डाली है और गुंडों को संरक्षण दिया है। वहां न आम आदमी सुरक्षित था और न ही महिलाएं। अब प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। हमें बदला नहीं, बदलाव चाहिए।
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने उनकी गलत नीतियों के कारण उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन उनके अहंकार में अब भी कमी नहीं आई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कहा कि चाहे कांग्रेस हो या इंडिया गठबंधन, ये आज भी खुद को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मानकर चल रहे हैं। इन्होंने हमेशा संविधान को अपमानित किया है। जनता इन्हें नकार चुकी है, अब देश केवल विकास चाहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बंगाल ‘विकसित बंगाल’ बनेगा, जहां युवाओं को रोजगार मिलेगा और भयमुक्त वातावरण होगा।

