कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने कश्यप समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि कैथल में महर्षि कश्यप के नाम पर धर्मशाला निर्माण के लिए समाज द्वारा प्रस्ताव दिए जाने पर उचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही इंद्री में महर्षि कश्यप के नाम से चौक का नामकरण कर वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि Kurukshetra University में महर्षि कश्यप के नाम से चेयर स्थापित करने हेतु उचित फंड उपलब्ध करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में आयोजित राज्य स्तरीय “महर्षि कश्यप जयंती” समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महर्षि कश्यप को महान परोपकारी और प्रजापालक बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज को नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। मुख्यमंत्री ने कश्यप समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि रामायण काल में निषाद जैसे बलशाली राजा इसी समाज से हुए, जिन्होंने वनवास के दौरान भगवान श्रीराम को आश्रय दिया था। उन्होंने भक्त प्रह्लाद और पंच प्यारों में शामिल भाई हिम्मत सिंह कश्यप का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कश्यप समाज को साहसी, परिश्रमी और स्वाभिमानी बताते हुए समाज के लोगों से बच्चों को नशे जैसी कुप्रवृत्तियों से दूर रखने की अपील की। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता द्वारा नकारे जाने के बाद विपक्ष मुद्दाविहीन होकर केवल दुष्प्रचार में लगा है। मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।

इस अवसर पर इंद्री से विधायक Ram Kumar Kashyap ने कहा कि कश्यप समाज महर्षि कश्यप जयंती का बड़ा आयोजन कैथल में करना चाहता था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की कमी को देखते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील पर छोटा कार्यक्रम आयोजित किया गया ताकि ईंधन की बचत की जा सके। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती सहित कश्यप समाज के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।