रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय महाअधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर के बीच हुई ‘समधी भेंट’ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। अजय चंद्राकर ने एक्स पर मुख्यमंत्री को स्नेहपूर्वक ‘समधी भेंट’ बताते हुए तस्वीर साझा की, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी आत्मीय जवाब देते हुए इसे छत्तीसगढ़ की पारिवारिक संस्कृति, अपनत्व और आपसी सम्मान का प्रतीक बताया। दोनों नेताओं के बीच हुआ यह संवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, केंद्रीय महाअधिवेशन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे। इसी दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अजय चंद्राकर से एक साथ तस्वीर खिंचवाने का आग्रह किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने मंच पर एक साथ तस्वीर खिंचवाई, जिसकी तस्वीर अजय चंद्राकर ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा की।
विधायक अजय चंद्राकर का एक्स पोस्ट
अजय चंद्राकर ने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति मेरे मन में अगाध आदर है और मैं उन्हें स्नेह से ‘समधी जी’ कहता हूं। आज धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित ‘चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज, छत्तीसगढ़ प्रदेश’ के केंद्रीय महाअधिवेशन कार्यक्रम में उपस्थित समाज के लोगों ने इसी आत्मीयता के साथ हम दोनों की एक तस्वीर लेने का आग्रह किया। जन-जन के प्रिय मुख्यमंत्री जी ने भी अपनी चिरपरिचित सहजता से इस पल को यादगार बना दिया।

अजय चंद्राकर के पोस्ट पर सीएम साय का जवाब
वहीं अजय चंद्राकर की इस पोस्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी जवाब देते हुए लिखा कि आपका (अजय चंद्राकर) यह स्नेहपूर्ण संबोधन मुझे सदैव आत्मीयता से अभिभूत करता है। ग्राम छाती में समाजजनों के आग्रह पर आपके साथ हुई ‘समधी भेंट’ का यह आत्मीय क्षण मेरे लिए भी स्मरणीय रहेगा। आपका सहज अपनापन, मिलनसार स्वभाव और समाज के लोगों के साथ आपका आत्मीय जुड़ाव हमेशा विशेष रहा है। छत्तीसगढ़ की यही पारिवारिक संस्कृति, अपनापन और आपसी सम्मान हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आपका स्नेह तथा समाजजनों का प्रेम निरंतर मिलता रहे, यही कामना है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

