० डीसी-एसपी ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, मंदिर परिसर में अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने की अपील
देवघर। झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार मंगलवार को अपने पूरे परिवार के साथ विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पुश्तैनी पुरोहित से संकल्प कराकर शीघ्र दर्शनम पथ से गर्भगृह में प्रवेश किया और पांच वैदिक पंडितों के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मां पार्वती, मां काली, मां बगलामुखी और लक्ष्मी-नारायण मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
पूजा के बाद मंदिर नियंत्रण कक्ष में उपायुक्त सौरभ भुवनिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मुख्य सचिव को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने श्रावणी मेले की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि तैयारियों का वास्तविक आकलन धरातल पर दिखाई दे रही व्यवस्थाओं से होता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मेहनत और श्रद्धालुओं के सहयोग का सकारात्मक परिणाम साफ नजर आ रहा है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं, दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा हर छोटी-बड़ी समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
बांग्ला सावन को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की शुरुआत में कुछ छोटी-मोटी चुनौतियां आती हैं, लेकिन समय के साथ व्यवस्थाएं और बेहतर होती जाती हैं। वर्षभर होने वाली भीड़ के प्रबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मंदिर प्रबंधन बोर्ड का सामूहिक विषय है और बोर्ड के निर्णय के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी की जा सकती है।
मंदिर परिसर के आसपास अनावश्यक हॉर्न ना बजाने की अपील
मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने उपायुक्त से यह भी आग्रह किया कि मंदिर परिसर के आसपास आने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से वाहनों का हॉर्न नहीं बजाने की अपील की जाए, ताकि श्रद्धालु शिवधुन का शांत वातावरण में आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि यह कोई निर्देश नहीं, बल्कि जनसहयोग से बाबा नगरी को अधिक शांत, आध्यात्मिक और शिवमय बनाने की पहल है।


