राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्र गौरव और अदम्य साहस के अमर प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी हर देशवासी के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। उन्होंने तमाम कठिनाइयों के बीच भी हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को सर्वोपरि रखा। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल में जल्द ही भव्य ‘वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप लोक’ का लोकार्पण किया जाएगा।

पाठ्यक्रम में शामिल होगी महाराणा प्रताप की जीवनी

भावी पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का पाठ पढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश के स्कूली बच्चों की कक्षाओं में महाराणा प्रताप की शौर्यगाथा और जीवनी को आधिकारिक तौर पर पढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सिर्फ एक राजा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए देश की अस्मिता और आत्म सम्मान के आदर्श व्यक्तित्व हैं।

‘पार्थ योजना’ से युवाओं को भर्ती का प्रशिक्षण

प्रदेश के युवाओं को देश सेवा से जोड़ने के लिए सरकार एक नई पहल करने जा रही है। समाज के युवाओं को ‘पार्थ योजना’ के तहत पुलिस और भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए विशेष ट्रेनिंग (प्रशिक्षण) दिलाई जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर और अनुशासित बनकर देश की रक्षा में अपना योगदान दे सकें।

महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड का गठन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ ‘महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड’ का गठन किया है, जो समाज के विकास और हितों के लिए काम कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने गर्व से इस बात का भी उल्लेख किया कि मध्य प्रदेश देश का इकलौता ऐसा राज्य है, जहां महाराणा प्रताप जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m