संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के जोबट क्षेत्र से आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं में बड़े “पोषण घोटाले” का मामला सामने आया है। जिन केंद्रों पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को नियमित नाश्ता और पोषण आहार मिलना चाहिए था, वहां पिछले एक महीने से कई केंद्रों पर भोजन वितरण ही बंद मिला। प्रशासनिक जांच में खुलासा हुआ कि रिकॉर्ड में भोजन बंटता रहा, लेकिन हकीकत में बच्चों की थाली खाली रही।
कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देश पर एसडीएम वीरेंद्र सिंह बघेल ने जब जोबट क्षेत्र की आंगनवाड़ियों का औचक निरीक्षण किया तो व्यवस्थाओं की पूरी पोल खुल गई। जांच के दौरान कई केंद्रों पर पोषण आहार वितरण के रिकॉर्ड अपडेट मिले, लेकिन मौके पर न तो भोजन मिला और न ही रसोई संचालन की व्यवस्था दिखाई दी।
93 स्वयं सहायता समूहों पर बड़ा आरोप
जांच में कुल 93 स्वयं सहायता समूहों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि समूहों ने बच्चों को मिलने वाला नाश्ता और पोषण आहार नियमित रूप से वितरित नहीं किया। प्रशासन ने सभी 93 समूह संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
डेकाकुंड की 4 आंगनवाड़ियां बंद मिलीं
निरीक्षण के दौरान ग्राम डेकाकुंड की 4 आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित संचालन पूरी तरह बंद मिला। केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति नहीं थी और भोजन व्यवस्था भी ठप पाई गई। इससे विभागीय निगरानी और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी
मामले में 2 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 2 सहायिका और संबंधित सुपरवाइजर पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों के पोषण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग कटघरे में
इस पूरे मामले ने महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक महीने तक बच्चों को पोषण आहार नहीं मिला और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं लगी, यह अब जांच का बड़ा विषय बन गया है।
जोबट की आंगनवाड़ियों से सामने आया यह कथित “पोषण घोटाला” अब जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

