कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान 24 सितंबर को बिहार के युवाओं, खासकर Gen-Z, के साथ सीधे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का नाम ‘यूथ बोले तो’ रखा गया है, जो राजधानी पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में होगा।
‘युवाओं के भविष्य को लेकर चिराग चिंतित’
‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर पार्टी सांसद अरुण भारती ने आज रविवार (20, सितंबर) को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान लगातार युवाओं के हित और उनके भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं। अरुण भारती ने कहा कि युवाओं की समस्याओं और उनकी आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से युवा आयोग के गठन से संबंधित विधेयक लाने की पहल की गई है। उनका कहना है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और अन्य क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
दो तरफा होगा संवाद- अरुण भारती
उन्होंने कहा कि चिराग पासवान की प्राथमिकताओं में युवाओं की भागीदारी और उनके हितों की रक्षा प्रमुख रूप से शामिल है। छात्रों से, युवाओं से बात करके चिराग केवल भविष्य की सिर्फ शिकायत ही नहीं सुनेंगे, समाधान की तरफ कैसे जाना है, उनके मंत्रालय के माध्यम से क्या समाधान हो सकता है, पार्टी के माध्यम से क्या समाधान हो सकता है, सरकार के माध्यम से क्या समाधान हो सकता है, इन सभी पर दो तरफा संवाद होगा।
पीएम मोदी की नकल करने पर कही ये बात
वहीं, राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में PM मोदी की नकल करने पर सांसद अरुण भारती ने कहा कि, यह सरासर गलत है। आप राजनीति में किसी के नीति और उनका विरोध कीजिए। उनके किए गए कार्यों पर आप सवाल कीजिए। लेकिन उसको लेकर के परिवार के ऊपर जब आप कोई टीका-टिप्पणी करते हैं, गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो उसकी निंदा होनी चाहिए। यह यह बर्दाश्त के लायक चीजें नहीं हैं।
पार्टी के मुताबिक, ‘यूथ बोले तो’ का मकसद युवाओं को अपनी बात बेबाकी से रखने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता और तकनीक समेत कई अहम मुद्दों पर चिराग पासवान के साथ सीधे संवाद और अपनी बात रख सकेंगे।
ये भी पढ़ें- बाढ़-सूखे से बेहाल किसानों के लिए तेजस्वी ने मांगे 15 हजार, नितिन नबीन को बताया ‘रबर स्टैंप’



