अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार। शासन द्वारा जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य व सुरक्षा को ध्यान में रखकर चिरायु आरोग्य योजना चलाई जा रही है, जिसका लाभ जिले के जरूरतमंद बच्चों को मिल रहा है। ऐसे ही बच्चों को चिन्हित कर आज जिला चिकित्सालय में विशेष शिविर लगाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उनका इको जांच किया गया।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने इस विशेष शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया और बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाते हुए बच्चों के शासन द्वारा संचालित योजना के तहत निःशुल्क चिकित्सा की बात कही। जिले में आज विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लगभग 70 से अधिक बच्चों का इको जांच किया गया है, जिसमें से ऑपरेशन योग्य चिन्हित बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन भी किया जाएगा।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि शासन की यह बहुत ही महत्वपूर्ण और अभिनव योजना है, जिसके तहत छोटे बच्चे से लेकर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण चिरायु टीम के चिकित्सकों द्वारा किया जाता है और चिन्हित बच्चों का इको टेस्ट कर उन्हें संपूर्ण दवाइयां निःशुल्क दी जाती हैं। साथ ही ऑपरेशन योग्य बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। जिले में आज ऐसे 70 से अधिक बच्चों को जिला चिकित्सालय में लाया गया है, जिनका परीक्षण किया जा रहा है। यह प्रक्रिया अनवरत जारी रहेगी और हम प्रयास कर रहे हैं कि कोई भी बच्चा छूटने न पाए।

बच्चे के साथ ग्राम जरौद से आए पालक ने बताया कि शासन की यह बहुत अच्छी योजना है। स्कूल में डॉक्टरों ने परीक्षण किया था और संदेह जाहिर किया कि दिल में परेशानी है, जिसके बाद आज यहां पर चिकित्सक जांच कर रहे हैं और इलाज भी निःशुल्क करने की बात कहे हैं। यह बहुत अच्छी बात है कि हम गरीबों के लिए शासन इस तरह की योजना लाई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि जिले में हमारी चिरायु टीम के चिकित्सकों द्वारा स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों में लगातार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इसमें चिन्हित बच्चों को आज जिला चिकित्सालय में लाया गया है, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इको टेस्ट किया जा रहा है। इसमें से वे बच्चे, जिनका दवाई से इलाज हो जाएगा, उन्हें मुफ्त दवाइयां दी जाएंगी एवं ऐसे बच्चे जो ऑपरेशन योग्य होंगे, उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। आज 70 से अधिक बच्चों का परीक्षण किया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H