अनमोल मिश्रा, सतना/चित्रकूट। दीपों के पावन महापर्व दीपावली के अवसर पर धर्म, आस्था और अध्यात्म की नगरी चित्रकूट में श्रद्धा का ऐसा ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ा कि पूरा तीर्थक्षेत्र श्रद्धालुओं से सराबोर नजर आया। सुबह तड़के से ही देश के विभिन्न हिस्सों से लाकों श्रद्धालुओं के यहां पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जिसके बाद से ही पूरा चित्रकूट धाम ‘जय श्रीराम’ और ‘जय कामतनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा।

मंदाकिनी स्नान और कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा में लीन भक्त
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित धर्मनगरी चित्रकूट में दीपावली पर अद्भुत भक्तिमय नजारा देखने को मिल रहा है। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु सबसे पहले पवित्र मंदाकिनी नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। स्नान के पश्चात श्रद्धालु भगवान कामतानाथ के प्राचीन दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर रहे हैं। इसके बाद वे अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना लेकर पवित्र कामदगिरि पर्वत की पारंपरिक पंचकोसी परिक्रमा में लीन हैं। परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं, जो इस पर्व की दिव्यता को और बढ़ा रही हैं।

भव्य दीपदान की तैयारी और प्रशासन का कड़ा पहरा
दीपावली के इस पावन पर्व पर शाम को आयोजित होने वाले भव्य दीपदान कार्यक्रम को लेकर भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मंदाकिनी के घाटों पर दीपों की जगमगाती रोशनी से सजने वाले इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं।

दूसरी ओर, श्रद्धालुओं की इस अपार भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। प्रमुख घाटों, मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित परिक्रमा की सुविधा मिल सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

