कैथल। हरियाणा के कैथल में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और बावरिया गैंग के दो कुख्यात बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। करीब 10 राउंड फायरिंग से पूरा इलाका गूंज उठा। बदमाशों की गोलियां सीधे पुलिसकर्मियों की छाती पर लगीं, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट ने उनकी जान बचा ली। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारकर उन्हें दबोच लिया।
1 करोड़ की चोरी के मास्टरमाइंड निकले दोनों सगे भाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी सगे भाई सोहन सिंह और धर्मबीर के रूप में हुई है। दोनों पर चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों 9 जून को चीका में हुई करीब एक करोड़ रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में भी वांछित थे। यह गैंग पॉश कॉलोनियों को निशाना बनाकर हथियारों के दम पर वारदात को अंजाम देता था।
कार पेड़ से टकराई, फिर शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी कार लेकर भाग निकले, लेकिन तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। इसके बाद दोनों ने कार से उतरते ही पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली चालक बूटा सिंह और दूसरी एसडीयू प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील की छाती पर लगी, लेकिन दोनों बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण सुरक्षित बच गए। इसके बाद एएसआई तरसेम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार, कार और चोरी के औजार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, दो अवैध पिस्तौल, एक चाकू और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी की अपराधियों को दो टूक चेतावनी
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि “कैथल में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। या तो अपराध छोड़ दें, वरना कानून की सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।” उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

