सिद्धार्थ शरद/वैशाली। जिले के जंदाहा प्रखंड अंतर्गत मुकुंदपुर गोपीनाथ गांव के एक जांबाज सैनिक के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गया में (CISF) जवान के पद पर कार्यरत मुकेश कुमार सिंह (52 वर्ष) का ड्यूटी के दौरान हृदयघात होने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया है।

​ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत

​मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार सिंह वर्तमान में गया में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बीते 26 तारीख की रात ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जब तक उन्हें उचित उपचार मिल पाता, दिल का दौरा पड़ने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। 52 वर्षीय मुकेश अपने पीछे पत्नी, बच्चों और परिजनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

​गांव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम

​आज सुबह जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मुकुंदपुर गोपीनाथ पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय निवासी सजल कुमार ने बताया कि मुकेश के असामयिक निधन की सूचना से पूरा गांव मर्माहत है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

​कोनहारा घाट पर दी जाएगी अंतिम विदाई

​शहीद जवान के सम्मान में ग्रामीणों ने मौन रखा और उनके परिवार को ढांढस बंधाया। इसके उपरांत, उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक हाजीपुर स्थित ऐतिहासिक कोनहारा घाट ले जाया गया। वहां पूरे सैन्य सम्मान और हिंदू रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया जाएगा। उनके जाने से क्षेत्र ने एक अनुशासित और समर्पित रक्षक खो दिया है।