छुट्टी पर घर जाने वाले CISF अधिकारियों-जवानों को प्राथमिकता के आधार पर मिलेगी बर्थ, आश्रित परिजन योजना से बाहर

बोकारो। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के राजपत्रित और गैर-राजपत्रित अधिकारियों-जवानों के लिए रेल यात्रा को लेकर बड़ी राहत की पहल की गई है। अब उन्हें स्पेशल इमरजेंसी कोटा के तहत आरक्षित टिकट और प्राथमिकता के आधार पर कन्फर्म बर्थ देने की व्यवस्था की जा रही है।

इसके लिए CISF कर्मियों को रेलवे टिकट काउंटर पर अपना आईडी कार्ड और विभाग द्वारा जारी वैध लीव सर्टिफिकेट की छायाप्रति जमा करनी होगी। इस सुविधा का लाभ केवल CISF में कार्यरत अधिकारी और जवान उठा सकेंगे। उनके आश्रित परिजन इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे।

छुट्टी मिलने के बाद भी टिकट की परेशानी

CISF जवान देशभर में एयरपोर्ट, संसद भवन, परमाणु संस्थानों, मेट्रो, बंदरगाह और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। इनमें बड़ी संख्या में जवान अपने गृह राज्यों से हजारों किलोमीटर दूर रहते हैं।

पर्व-त्योहार या अन्य पारिवारिक परिस्थितियों में छुट्टी मिलने के बावजूद ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाने के कारण जवानों को परेशानी होती है। कई बार वेटिंग टिकट के कारण वे समय पर घर नहीं पहुंच पाते और छुट्टी तक रद्द करनी पड़ती है।

सांसद के प्रस्ताव के बाद रेल मंत्रालय ने शुरू की पहल

इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की सांसद प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को प्रस्ताव दिया था। उन्होंने CISF जवानों की ड्यूटी की संवेदनशीलता और उनके सामने आने वाली रेल यात्रा की परेशानियों को देखते हुए विशेष व्यवस्था की मांग की थी।

इसके बाद रेल मंत्रालय ने मामले पर विचार शुरू किया है। बताया जा रहा है कि CISF के साथ अन्य अर्धसैनिक बलों के जवानों के लिए भी रेल यात्रा में स्पेशल इमरजेंसी कोटा लागू करने की पहल की जा रही है।

हजारों जवानों को मिलेगा फायदा

अगर यह व्यवस्था लागू होती है, तो छुट्टी पर घर जाने वाले CISF और अन्य अर्धसैनिक बलों के जवानों को ट्रेन में कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। इससे देश की महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा में तैनात जवानों को अपने परिवार तक पहुंचने में बड़ी राहत मिल सकती है।