चंकी बाजपेयी, इंदौर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन को मनाने की कोशिश की जा रही है। दशहरा मैदान में हुए मां नर्मदा के चौथे चरण के कार्यक्रम के दौरान लिस्ट में अपना नाम न देखकर वह नाराज होकर घर लौट आए थे। जिसके बाद उनकी नाराजगी दूर करने के लिए महापौर से लेकर विधायक जुट गए हैं। इसी कड़ी में नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा भी उनके निवास पहुंचे।
1 घंटे बंद कमरे में मुलाकात
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सोमवार को सत्यनारायण सत्तन के घर पहुंचे। जहां उन्होंने करीब 1 घंटे तक उनसे बंद कमरे में मुलाकात की। चर्चा के दौरान कई विषयों को रखा गया। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए वरिष्ठ नेता सत्तन ने कहा, मामला हमारे घर का है, हम सुलझा लेंगे। लेकिन आप सब इसकी बात दूर फैला देंगे।
सत्तन ने कहा- अब नई पीढ़ी का दौर
उन्होंने वहां पर हुई घटना पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अब नई पीढ़ी का दौर है, वह किस तरीके से संगठन को चलाते हैं वह उन पर निर्भर करता है। मैं तो पहले चरण का व्यक्ति हूं। फिलहाल इस तरीके के कार्यक्रम को लेकर उनका कहना है कि यह संगठन का आयोजन नहीं था और मेरी किसी से नाराजगी नहीं है।
इस मामले को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा का कहना है कि सत्तन हमारे भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं, हमारे बुजुर्ग हैं। उनसे मेरी चर्चा हुई है। आगे से भविष्य में इस तरह की गलती न हो, इसको लेकर संगठनात्मक रूप से बात की जाएगी।
यह है पूरा मामला
दरअसल, इंदौर के दशहरा मैदान पर मां नर्मदा के चौथे चरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट सहित भाजपा के कई विधायक, पार्षद, महापौर उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम ने किया था। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन भी शिरकत करने पहुंचे थे। लेकिन मंच के नजदीक मौजूद लिस्ट के अनुसार लोगों को एंट्री दी जा रही थी। इस दौरान दीपेश नामक शख्स ने उनसे कहा कि आपका नाम लिस्ट में नहीं है और यह बैठक व्यवस्था 10 से 12 लोगों की है। इसके चलते सत्तन वहां से वापस अपने घर लौट आए थे।

