जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों की एंट्री और एग्जिट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। इस फैसले पर अब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) स्टेशनों को बंद किए जाने के मुद्दे पर सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत (Surya Kant) ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “अगर लंच के समय तक कुछ नहीं हुआ, तो हम इस मामले में दखल देंगे।”

CBA ने उठाया मुद्दा, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन खोलने की मांग

दिल्ली मेट्रो के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को बंद किए जाने का मुद्दा गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने अदालत के समक्ष उठाया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने यह मामला मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के समक्ष रखते हुए स्टेशन को जल्द खोलने की मांग की। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि यदि आज दोपहर (लंच तक) सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन नहीं खोला गया, तो अदालत इस मामले में हस्तक्षेप करेगी।

सुनवाई के दौरान SCBA अध्यक्ष विकास सिंह ने दलील दी कि वकीलों और सुप्रीम कोर्ट के कर्मचारियों की प्रभावी स्क्रीनिंग की जा सकती है, लेकिन इसके लिए पूरे मेट्रो स्टेशन को बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों, न्यायालय के कर्मचारियों और अन्य लोगों को अदालत आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विकास सिंह ने सुझाव दिया कि मेट्रो परिसर के भीतर ही वकीलों और कर्मचारियों की सुरक्षा जांच (स्क्रीनिंग) की जा सकती है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे और न्यायिक कार्य भी प्रभावित न हों।

CJI सूर्यकांत ने दिया लंच तक मेट्रो स्टेशन खोलने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने दिल्ली मेट्रो के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को बंद किए जाने के मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि लंच के समय तक स्टेशन को खोलने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया, तो अदालत हस्तक्षेप करेगी। सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा, “अगर लंच के समय तक इसे खोलने के लिए कुछ नहीं किया गया, तो मैं दखल दूंगा।” उनकी यह टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से स्टेशन बंद होने के कारण वकीलों और कर्मचारियों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाए जाने के बाद आई। मुख्य न्यायाधीश ने वकीलों को राहत देते हुए यह भी कहा कि उन्होंने सभी न्यायाधीशों को निर्देश दिए हैं कि यदि विरोध-प्रदर्शन और उससे जुड़ी परिस्थितियों के कारण कोई वकील आज अदालत में उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसके खिलाफ कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए।

दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद

जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार सुबह 7:30 बजे से दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेगी। DMRC के अनुसार, जिन स्टेशनों को बंद किया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की अनुमति नहीं होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m