केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP ने केंद्र सरकार के सामने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। संगठन के प्रवक्ताओं ने कहा कि इस मांग पर किसी भी तरह का समझौता संभव नहीं है। धर्मेंद्र प्रधान या तो स्वयं इस्तीफा दें या फिर केंद्र सरकार उन्हें मंत्रिमंडल से हटाए।

CJP ने चेतावनी दी है कि यदि अगले एक-दो दिन में मामले का समाधान नहीं निकला तो संगठन जल्द ही बड़े राष्ट्रीय प्रदर्शन की घोषणा करेगा। संगठन का दावा है कि यह प्रदर्शन 20 जुलाई को हुए संसद मार्च से भी बड़ा और व्यापक होगा।

शनिवार को होगी तीसरे दौर की वार्ता

CJP के प्रवक्ताओं ने केंद्र के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि संगठन की तीन प्रमुख मांगों में से दो पर वार्ताकारों ने मौखिक सहमति जताई है। हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

शनिवार को केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता प्रस्तावित है। संगठन को उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में इस विवाद का समाधान निकल सकता है। प्रवक्ताओं के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को केंद्र के सामने लिखित और मौखिक, दोनों रूपों में स्पष्ट कर दिया गया है।

जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से हुई मुलाकात

कांस्टीट्यूशन क्लब में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से CJP प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने मुलाकात की। बैठक के बाद दोनों प्रवक्ता जंतर-मंतर स्थित CJP के प्रदर्शन मंच पर पहुंचे और अध्यक्ष अभिजीत दीपके की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों को वार्ता की पूरी जानकारी दी।

दो अन्य मांगों पर बनी सहमति

CJP ने तीन मई को NEET परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या करने वाले 21 छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग रखी है। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और भविष्य में कानूनी कार्रवाई न किए जाने की गारंटी की मांग भी की गई है।

CJP के मुताबिक, इन दोनों मांगों पर केंद्र के वार्ताकार सहमत हैं। हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसकी मुख्य मांग है। अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा कि इस मांग से कम कुछ भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रधानमंत्री ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m