CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक परीक्षा प्रणाली में धांधली और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की गूंज अब मध्य प्रदेश में भी सुनाई देने लगी है। राजधानी दिल्ली में पुलिस की इस कार्रवाई और दुर्व्यवहार के विरोध में मंगलवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विदिशा, खंडवा और नर्मदापुरम के सोहागपुर में युवाओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और जमकर नारेबाजी की।

विदिशा के नीमताल गांधी चौक पर अकेली धरने पर बैठी छात्रा

विदिशा में दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज से आहत होकर छात्रा शिवानी मंगलवार दोपहर नीमताल स्थित गांधी चौक पर अकेली धरने पर बैठ गई।

हाथों में स्लोगन और मोदी सरकार से सवाल

छात्रा अपने साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम तख्तियां लेकर बैठी थी। उसका कहना था कि देश का भविष्य कहे जाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज असहनीय है और इस पर सरकार की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

पुलिस ने खत्म कराया धरना

बिना अनुमति धरने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना टीआई, प्रशासनिक अधिकारी और महिला पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रा को कानूनी पहलुओं की समझाइश दी और उसकी मांगे प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा देकर धरना समाप्त करवाया।

खंडवा में NSUI ने कॉलेज के सामने लगाया जाम, पुलिस से तीखी बहस

खंडवा के एस.एन. कॉलेज के सामने NSUI कार्यकर्ताओं और छात्रों ने दिल्ली लाठीचार्ज के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनो ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे खुलवाया।

पेपर लीक से अंधकार में जा रहा भविष्य

NSUI नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे छात्रों पर लाठियां चलाना लोकतंत्र की हत्या है। बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर है, इसलिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

नर्मदापुर के सोहागपुर बस स्टैंड पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर बस स्टैंड पर दिल्ली आंदोलनु और सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्र-छात्राएं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारी छात्र हाथों में ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ दो’ और ‘एक पेपर नहीं लाखों सपनों का सवाल’ जैसी तख्तियां थामे हुए हैं।

छात्रों का कहना है कि माता-पिता की गाढ़ी कमाई और सालों की मेहनत के बाद भी उन्हें धांधली और घोटालों का सामना करना पड़ रहा है। जब तक परीक्षा प्रणाली पारदर्शी नहीं होती, भूख हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस नेता भी छात्रों के मंच पर उनका समर्थन करने पहुंचे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m