कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपने आंदोलन को आगे भी जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुआ संघर्ष केवल शुरुआत है और आने वाले समय में पार्टी देशभर में युवाओं की आवाज उठाएगी।

‘असली फिल्म अभी बाकी है’- सौरव दास

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, “यह तो बस एक ट्रेलर है, असली फिल्म अभी बाकी है। देश के युवा जाग चुके हैं और वही देश की समस्याओं का समाधान करेंगे।” उन्होंने कहा कि पार्टी और आंदोलन के तौर पर यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं होने वाला। CJP अब देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर युवाओं की समस्याएं सुनेगी और उनके लिए बेहतर नीतियों की मांग करेगी। साथ ही सरकार से लगातार जवाबदेही सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।

अगले शिक्षा मंत्री को लेकर क्या बोले?

सौरव दास ने कहा कि युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनने वाले व्यक्ति को स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे दोबारा जंतर-मंतर पहुंचेंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। वहीं, पार्टी नेता आशुतोष रांका ने उम्मीद जताई कि आज के घटनाक्रम से युवाओं को न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि अगला शिक्षा मंत्री जो भी होगा, उससे ईमानदारी, निष्ठा और जवाबदेही के साथ काम करने की उम्मीद रहेगी।

37 दिनों के संघर्ष का किया जिक्र

आशुतोष रांका ने कहा कि छात्रों ने करीब 37 दिनों तक संघर्ष किया और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई। उन्होंने पेपर लीक से प्रभावित छात्रों और उन परिवारों को याद किया, जिन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के कारण अपनों को खोया या अपने भविष्य को संकट में देखा।

CJP का आगे क्या है प्लान?

आशुतोष रांका के मुताबिक, CJP अब देशभर में जाकर युवाओं से जुड़े दूसरे अहम मुद्दों को भी उठाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में जो भी कदम उठाना जरूरी होगा, पार्टी वह करेगी। CJP का दावा है कि जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह अभियान अब देशव्यापी आंदोलन का रूप ले सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m