हरियाणा में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद (Naveen Jaihind) ने एक वीडियो शेयर कर सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा (Raghav Chadda) को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘शीशमहल’ (सीएम हाउस) में कथित तौर पर अपमानित किया गया और मारपीट की गई। जयहिंद के मुताबिक, राघव चड्ढा को “मुर्गा बनाकर पीटा गया” और यह घटना चार नेताओं की मौजूदगी में हुई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान राघव की आंख पर चोट लगी थी, जिसके इलाज के लिए वे इंग्लैंड गए थे।

जयहिंद ने अपने वीडियो में कहा कि उस समय लोगों को लगा था कि राघव चड्ढा निजी यात्रा या हनीमून पर गए हैं, लेकिन असल वजह कुछ और थी। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले पर राघव चड्ढा खुद सामने आकर सच्चाई बताएं। हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक राघव चड्ढा या आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर करीब 2 मिनट का वीडियो साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में जयहिंद कहते हैं कि उन्होंने राघव चड्ढा का हालिया बयान सुना, जिसमें वे कहते हैं, “मैं दरिया हूं, सैलाब आएगा”। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जयहिंद ने कहा कि राघव चड्ढा को अब “सच सामने लाना चाहिए”।

जयहिंद ने आरोप लगाते हुए कहा, “राघव वो चीज बताएं कि जब उनको मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ‘शीशमहल’ में बुलाकर मुर्गा बनाकर पीटा गया था… तो क्यों नहीं बता रहे वे लोगों को ये बात?” उन्होंने आगे यह भी कहा कि राघव चड्ढा “दिल्ली और पंजाब के राजदार” हैं और उन्हें इन तथ्यों का खुलासा करना चाहिए।

पूछा- कौन थे वो 4 लोग?

जयहिंद ने वीडियो में कहा, “उस टाइम जब सैलाब आया था और वो रो रहे थे, उनकी आंख में चोट लगी थी, तो फिर इंग्लैंड जाकर उन्होंने इलाज करवाया। ये बात वो क्यों नहीं बताते?” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राघव चड्ढा को उन कथित घटनाओं के बारे में खुलकर बोलना चाहिए, जिनमें “डील”, “सूटकेस” और अन्य बातें शामिल थीं। जयहिंद ने चुनौती देते हुए कहा, “आप राज्यसभा में हैं और जब इतना बोलते हैं तो ये भी बताइए कि वहां मौजूद वो चार लोग कौन थे, जिनके सामने आपको मुर्गा बनाकर पीटा गया।”

कौन हैं नवीन जयहिंद?

नवीन जयहिंद एक समय आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे, खासकर हरियाणा में संगठन खड़ा करने में उनकी अहम भूमिका रही है। नवीन जयहिंद साल 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जुड़े थे , जिसने देशभर में एक नई राजनीतिक लहर पैदा की। इसी आंदोलन से आगे चलकर आम आदमी पार्टी का गठन हुआ, जिसमें जयहिंद संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे।

पार्टी नेतृत्व ने उन्हें हरियाणा प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी थी, जहां उन्होंने संगठन को विस्तार देने का काम किया। हालांकि, समय के साथ पार्टी के भीतर मतभेद बढ़ते गए। आखिरकार, साल 2022 में नवीन जयहिंद ने आम आदमी पार्टी से खुद को अलग कर लिया। इसके बाद से वे लगातार अलग राजनीतिक लाइन पर चलते हुए कई मुद्दों पर पार्टी और उसके नेताओं की आलोचना करते रहे हैं।

उपनेता पद से हटाए जाने के बाद क्या बोले राघव?

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर कई सवाल उठाए। राघव चड्ढा ने कहा, “जब भी मुझे संसद में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं। शायद मैं ऐसे विषय उठाता हूं, जो आमतौर पर संसद में नहीं उठाए जाते, लेकिन क्या जनता के मुद्दे उठाना कोई अपराध है?”

उन्होंने आगे सवाल किया, “क्या मैंने कोई गलती की है? क्या मैंने कुछ गलत किया है? फिर मुझे बोलने से क्यों रोका जा रहा है?” चड्ढा ने आरोप लगाया कि राज्यसभा सचिवालय से उन्हें बोलने से रोकने की बात कही गई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। अपने बयान में उन्होंने उन मुद्दों का भी जिक्र किया, जिन्हें वे संसद में उठा चुके हैं, जैसे:

एयरपोर्ट पर महंगे खाने का मामला

Zomato-ब्लिंकिट डिलीवरी राइडर्स की समस्याएं

खाने में मिलावट

मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ

कंटेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक

टेलीकॉम कंपनियों द्वारा बार-बार रिचार्ज की मजबूरी

उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को उठाने से आम लोगों को फायदा हुआ, लेकिन सवाल यह है कि इससे पार्टी को क्या नुकसान हुआ। अंत में राघव चड्ढा ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि, “जब भी मैं आपके मुद्दे उठाता हूं, आप मेरा हौसला बढ़ाते हैं। इसके लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m