पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला के निवास से बड़ी खबर सामने आई है। जहां सांदीपनि विद्यालय में चेकिंग के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र के बैग से छह राउंड वाली देशी पिस्टल मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल में प्रतिबंधित सामग्री की जांच के दौरान छात्र के बैग से पिस्तौल बरामद हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
निवास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिस्तौल जब्त कर छात्र से पूछताछ की। छात्र ने बताया कि उसे यह पिस्तौल करीब चार महीने पहले रसलगंज निवासी 19 वर्षीय मोहित मरकाम ने दी थी। छात्र के मुताबिक पुरानी पिस्तौल में जंग लग गई थी और वह उसे रंग करवाने के लिए स्कूल लेकर आया था।
छात्र के बयान के आधार पर पुलिस ने जबलपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रहे मोहित मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि आखिर देशी पिस्तौल कहां से आई और इसे छात्र को क्यों दिया गया ? निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे के मुताबिक मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है पुलिस जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

