PUNJAB DESK: अमृतसर, पंजाब के अमृतसर में अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मेहता चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महिसमपुरा रोड पर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान अमरजोत सिंह के रूप में हुई है, जो सुखराज सिंह का इकलौता पुत्र था।
मिली जानकारी के अनुसार, अमरजोत 12वीं कक्षा का छात्र था। अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार गहरे सदमे और बेचैनी में है।
सड़क हादसा समझ पहुंची थी पुलिस
शुरुआत में पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क पर कोई दुर्घटना हुई है। जब मेहता थाना के एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो अमरजोत की मौत हो चुकी थी। हालांकि, जब शव की बारीकी से जांच की गई, तो शरीर पर गोलियों के निशान मिले। इससे साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया कत्ल है।
अमृतसर देहाती के एसएसपी सोहेल मीर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। पूरी टीम मामले की गहराई से जांच में जुटी है ताकि हत्या के पीछे के मकसद और हमलावरों का सुराग लगाया जा सके।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी या सुराग है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

