पलामू। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पलामू प्रमंडलीय एसीबी की टीम ने होमगार्ड कार्यालय में तैनात एक मुंशी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंशी साकेश कुजूर उर्फ सकेंद्र पर होमगार्ड जवान को ड्यूटी के लिए कमान देने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। गुरुवार को एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए उसे होमगार्ड कार्यालय से ही गिरफ्तार कर लिया।

कमान देने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, होमगार्ड के एक जवान ने पलामू प्रमंडलीय एसीबी से शिकायत की थी कि वह ड्यूटी के लिए कमान लेने के सिलसिले में एक अधिकारी से मिला था। अधिकारी ने उसे मुंशी सकेंद्र और तुलसी से मिलने को कहा। इसके बाद दोनों ने कमान देने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की। जवान को बताया गया कि यह अधिकारी का आदेश है।

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल

शिकायतकर्ता जवान ने संबंधित अधिकारी से भी इस मामले में बातचीत की। आरोप है कि अधिकारी ने भी रिश्वत की रकम देने को लेकर सवाल उठाया था। इसके बाद जवान ने एसीबी से शिकायत की। मामले का सत्यापन करने के बाद गुरुवार को टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और होमगार्ड कार्यालय में कार्रवाई करते हुए मुंशी सकेंद्र को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी की भूमिका भी जांच के घेरे में

गिरफ्तारी के बाद आरोपी की मेडिकल जांच कराई गई। एसीबी की टीम उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। वहीं, इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत मांगने और वसूली के इस कथित खेल में अधिकारी की कितनी संलिप्तता थी।