पंचकूला : हरियाणा के पंचकूला जिले से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के पिंजौर इलाके की मेन मार्केट में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक कपड़ा व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त व्यापारी अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठा हुआ था। तभी अचानक 5 से 6 हमलावर वहां पहुंचे, उसे जबरन गाड़ी से बाहर घसीटा और लाठी-डंडों व चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। यह पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है।

दुकान के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो से खींचा, जितेश मनोचा के रूप में हुई पहचान
मृतक व्यापारी की पहचान 42 वर्षीय जितेश मनोचा के रूप में हुई है। जितेश की पिंजौर के मुख्य बाजार में ही ‘मनोचा क्लॉथ हाउस’ नाम से कपड़ों की बड़ी दुकान है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने बाजार के बीचों-बीच इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
हत्या की खबर मिलते ही पंचकूला के डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह (DCP Crime Amrinder Singh) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा हत्याकांड से जुड़ रहे हैं तार
इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर अंदरखाने से एक बड़ी बात सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जितेश मनोचा की हत्या का सीधा कनेक्शन पिछले साल ठीक आज ही के दिन यानी 5 जून को हुए मशहूर कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा हत्याकांड से जोड़ा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सोनू नोल्टा मर्डर केस के कथित मास्टरमाइंड गोपाल सूखोमाजरी (Gopal Sukhomajri) को पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही गिरफ्तार किया था। सूत्रों का दावा है कि मृतक कपड़ा व्यापारी जितेश, इसी मुख्य आरोपी गोपाल का बेहद करीबी दोस्त था। आशंका जताई जा रही है कि यह मर्डर उसी रंजिश का बदला हो सकता है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस थ्योरी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया है।

