कैथल। हरियाणा सरकार पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के लिए 26 जुलाई को कैथल के गुहला-चीका में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले का आयोजन करेगी। मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ आवेदन कर सकेंगे और बैंकिंग व स्वरोजगार से जुड़ी सेवाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।

एडीसी डॉ सुशील कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला कैथल में यह मेला गुहला विधानसभा क्षेत्र के लिए सुबह 9 बजे कार्यालय, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, गुहला में आयोजित होगा।

एडीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में अंत्योदय मेले के विषय पर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि डीसी अपराजिता के निर्देशानुसार मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम गुहला मनीष कुमार यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए मेले का संचालन सुनिश्चित करेंगे।


मेले में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्रता के अनुसार आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा बैंकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे, जो विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण संबंधी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों की सहायता करेंगे।

मेले में स्वागत काउंटर, काउंसलिंग डेस्क, फीडबैक एवं एग्जिट डेस्क की व्यवस्था रहेगी। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे योजनाओं से संबंधित बैनर, प्रचार सामग्री तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर पात्र परिवारों को अधिकतम लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। जिन विभागों को जो जो जिम्मेदारियां दी गई है वह अच्छे से निभाएं। इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की है कि वे 26 जुलाई को आयोजित मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले में पहुंचकर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।