देहरादून. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) सोमवार को इस टिप्पणी के विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर रही है. वहीं, कांग्रेस नेताओं ने खड़गे का बचाव करते हुए भाजपा पर पलटवार किया है. इस विवाद ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग को और तेज कर दिया है. मामले को लेकर सीएम धामी ने भी कांग्रेस की टिप्पणी को लेकर निशाना साधा है.

धामी ने एक्स पर लिखा ‘कांग्रेस की राजनीति अब जनहित के मुद्दों से भटककर व्यक्तिगत अपमान और मर्यादाओं के उल्लंघन तक सिमट गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करती है.’

इसे भी पढ़ें : हरिद्वार कुंभ से लेकर गांवों की सिंचाई तक, धामी ने खोला खजाना, 492 करोड़ रुपये स्वीकृत

धामी ने आगे लिखा कि ‘कभी प्रधानमंत्री की माता का अपमान, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहना और कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का उपहास उड़ाना. आखिर कांग्रेस की राजनीति कब तक व्यक्तिगत अपमान और अमर्यादित टिप्पणियों के सहारे चलती रहेगी? लगातार चुनावी पराजयों के बावजूद कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों पर आत्ममंथन करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों को ही अपनी राजनीति का आधार बना लिया है. लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का स्थान है, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता.’