MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज कई बैठकें करेंगे। वे सुबह 11.15 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। सुबह 11.30 बजे पहली समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.45 बजे दूसरे विभाग की समीक्षा करेंगे। सीएम दोपहर 2 बजे मंत्रालय में मुलाकात करेंगे। फिर 3.15 बजे मंत्रालय में मीटिंग करेंगे।
बीजेपी मनाएगी बूथ गौरव दिवस
मध्य प्रदेश में बीजेपी बूथ गौरव दिवस मनाएगी। आगामी 23 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश सहित मध्य प्रदेश में आयोजन होंगे। ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वी जयंती के उपलक्ष्य में संस्मरण पक्ष’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। धारा 370 की समाप्ति और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में विशेष व्याख्यान होंगे। युवा मोर्चा के नेतृत्व में ‘बाहरी परिसर’ छात्र सम्मेलन, शहरों में नामकरण, प्रतिमा अनावरण और महा-वृक्षारोपण अभियान और अभियान को धरातल पर उतारने के लिए त्रि-स्तरीय टोलियों का गठन किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर एक वरिष्ठ कार्यकर्ता की कमान में 5 सदस्यीय टोली रहेगी। प्रत्येक जिले में 4 सदस्यीय टोली रहेगी। प्रत्येक मंडल स्तर पर 3 सदस्यीय टोली बनाई जाएगी। प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक और जिला स्तरीय बैठक होंगी। एमपी बीजेपी के सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
UCC को लेकर बड़ी बैठक
यूसीसी ड्राफ्टिंग कमेटी के सदस्य आज दिनभर बैठकों में बिल को लेकर विचार-मंथन करेगी। यूसीसी को बेहतर बनाने के लिए जनता से सुझाव मांगे गए है। यूसीसी ड्राफ्ट में हर तबके के हित सुरक्षित रहें, इसके लिए कमेटी की अध्यक्ष जस्टिस देसाई अलग-अलग समूहों से रायशुमारी करेंगी। नरोन्हा प्रशासनिक अकादमी में सुबह 10.30 बजे से शाम 6 बजे तक बैठकें होंगी। दोपहर 12.30 बजे से गृह विभाग, महिला एवं बाल विकास, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग, ओबीसी व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कमेटी के सामने अपने प्रजेंटेशन देंगे।
दोपहर में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व दोपहर 3.30 बजे धर्मगुरुओं के साथ विचार-विमर्श होगा। यूसीसी कमेटी ने महिला आयोग, बाल आयोग, एससी आयोग, एसटी आयोग, सामान्य निर्धन आयोग, ओबीसी आयोग, अल्पसंख्यक कल्याण समेत अन्य आयोग को भी बुलाया है। विशेषज्ञ, बुद्धजीवी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभाग के अफसर, आयोगों के पदाधिकारी और धर्मगुरु तक शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र में UCC बिल पेश किया जाएगा।
हाईवे पर दौड़ रहे BMC के जानलेवा बर्निंग ट्रक
भोपाल नगर निगम के कचरा ट्रक आग लग गई। यह घटना राजधानी के पास आदमपुर के पास हुई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ट्रक जलकर खाक हो गया। ट्रक का फिटनेस भी नहीं था। फिटनेस 2021 से और इंश्योरेंस 2019 से नहीं हुआ था।

