MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर मध्य प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जनता से संवाद करेंगे। भोपाल के भीमनगर में आम लोगों से संवाद करेंगे। सुबह 10 बजे विकसित भारत संकल्प अभियान में संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 10:25 बजे भीमनगर, भोपाल पहुंचेंगे। जहां “विकसित भारत संकल्प अभियान” अंतर्गत संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुंचेंगे। राज्य स्तरीय कार्यशाला राज्य डेटा के लिए साइबर सुरक्षा की कार्यशाला में शामिल होंगे। दोपहर 12:30 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। दोपहर 12:30 बजे संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 1:30 बजे मुलाकात के लिए समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे सीएम हाउस पहुंचेंगे। शाम 4 बजे समत्व भवन में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग से संबंधित एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगे।

सायबर सुरक्षा की कार्यशाला

सीएम डॉ मोहन यादव सायबर सुरक्षा की कार्यशाला में शामिल होंगे। सायबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण और सुरक्षित डिजिटल प्रशासन पर मंथन होगा। यह कार्यशाला कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगी। मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड और मध्यप्रदेश कम्प्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (एमपी-सीईआरटी) की कार्यशाला में साइबर सुरक्षा से जुड़ी वर्तमान चुनौतियों, उभरते साइबर खतरों, डेटा संरक्षण की आवश्यकताओं पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। इसका उद्देश राज्य में साइबर सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाना है। वहीं डिजिटल परिवर्तन में सुरक्षा उपायों जैसे विषयों की जानकारी भी दी जाएगी।

कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन

मीनाक्षी नटराजन के मामले में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। आज प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करेंगे। जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आपको बता दें कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने को लेकर कांग्रेस ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। 15 जून को युवक कांग्रेस, 16 जून को NSUI, 17 जून को महिला कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।

अमावस्या पर सेठानी घाट पर उमड़ा हुजूम

नर्मदापुरम के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। पावन पर्व पर स्नान के लिए नर्मदापुरम समेत आसपास के कई जिलों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे हैं। सेठानी घाट पर अलसुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सुबह 4 बजे से लेकर अब तक 1 लाख से अधिक श्रद्धालु मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड की टीमें मुस्तैदी से मौके पर तैनात हैं। सनातन धर्म में सोमवती अमावस्या के अवसर पर पवित्र नदियों में स्नान और दान-पुण्य करने का विशेष व बड़ा महत्व माना गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m