MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 10:15 बजे धार के पीथमपुर पहुंचेंगे। जहां स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में एक नई औद्योगिक इकाई का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 12:40 बजे इंदौर से भोपाल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:45 बजे अशोकनगर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे। दोपहर 3 बजे संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किलस पार्क भोपाल में अभिमुखीकरण समारोह में शामिल होंगे। वहीं शाम 5 बजे मुख्यमंत्री निवास में महत्वपूर्ण बैठक लेंगे।

अब वाट्सएप से होगी खाद की बुकिंग

मध्य प्रदेश में किसान अपनी पसंद की खाद खरीद सकेंगे। लिमिट 50% अतिरिक्त बढ़ाई गई है। ई-विकास 2.0 पोर्टल लागू कर नए बदलाव किए गए है। अब किसानों पर खाद वितरण व्यवस्था में करीब 12 बदलाव हुए है। यूरिया या डीएपी के साथ फास्फेटिक व एनपीके खाद लेने का दबाव खत्म, किसान जरूरत के अनुसार सिर्फ यूरिया या डीएपी भी खरीद सकेंगे। तय सीमा के बाद पहली बार में 25% ‘अतिरिक्त खाद मिलेगा। सात दिन बाद दोबारा 25% ले सकेंगे। व्हाट्सएप आधारित खाद बुकिंग और वितरण 21-22 अगस्त से शुरू करने की तैयारी है। अभी इसकी टेस्टिंग चल रही है। केंद्रों पर टोकन की संख्या 300 से अधिक की गई है। शिकायतों का निराकरण 48 घंटे में करना होगा।

डिजिटल होगी मध्यप्रदेश में नल-जल व्यवस्था की निगरानी

मध्यप्रदेश में नल-जल व्यवस्था की निगरानी डिजिटल होगी। 27 हजार गांवों में सुजल आईडी मिलेगी। सुजल आईडी उन गांवों को दी जाएगी, जहां 100% नल जल का काम पूरा हुआ है। सुजल आईडी पीएम गतिशील प्लेटफार्म और जीआईएस मैपिंग से जुड़कर स्रोत से लेकर घर के नल तक पूरे नेटवर्क की परिसंपत्तियों का रिकॉर्ड रखती है। मध्य प्रदेश में 51,264 गांव में से 27,102 गांव तक नल कनेक्शन पहुंचा है। 24,162 गांव में निर्माण कार्य शुरू होना बाकी है।

ग्वालियर की पंचायतों में विशेष शिविर आज से

ग्वालियर की पंचायतों में आज से विशेष शिविर लगेंगे। रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने 20 अगस्त से 15 सितंबर तक विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया है। किसानों को अलग-अलग विभागों के दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही जगह कई सुविधाएं मिलेंगी। फार्मर ID से जमीन संबंधी रिकॉर्ड तक सुधार होगा।

टैक्सी संचालकों की हड़ताल खत्म

राजधानी भोपाल में टैक्सी संचालकों की हड़ताल खत्म हो गई है। परिवहन मंत्री के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। टैक्सी यूनियन कल्याण समिति, संपूर्ण भारत एवं भोपाल टैक्सी चालक संघ के संयुक्त मोर्चे ने परिवहन मंत्री के साथ चर्चा की। जिसमें टैक्सी संचालकों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। इसके बाद दो दिनों से चल रही हड़ताल को खत्म कर दिया गया है।

भोपाल के कई इलाकों में बिजली रहेगी गुल

भोपाल के लगभग 60 इलाकों में आज गुरुवार को 2 से 6 घंटे तक बिजली गुल रहेगी। इन इलाकों में मेंटेनेंस कार्य के चलते बिजली सप्लाई बंद रहेगी। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक गिरनार कॉलोनी, अमरावतखुर्द, गिरनार हिल्स, गैलेक्सी कॉलोनी, सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक नेहरू नगर, कमला नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कोहेफिजा, एमपीईबी कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पीपरनेर, बीडीए, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक करोंद, देवकी नगर, पंचवटी फेस-1 और 2, बैरसिया रोड, शिव नगर, कृषि अनुसंधान कॉलोनी, रत्नागिरी, कल्पना नगर, शंकरी परिसर, सोनागिरी ए और सी सेक्टर में बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।

वहीं सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कल्याण नगर, शंकर नगर, उड़िया बस्ती, शिवशक्ति नगर, चांदबाड़ी, प्रेम नगर, सत्यज्ञान कॉलोनी, कैंची छोला, नवजीवन कॉलोनी, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक शबरी नगर, मालीखेड़ी, पिपलिया बाज खां, पटेल नगर, विजय नगर, विजय मार्केट, ईरानी बस्ती, बिहारी बस्ती, भानपुर, लीलाधर कॉलोनी, गीता नगर, समता नगर, कुटिर नगर और सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक गणपति एन्क्लेव, सिग्नेचर क्राउन, भूमिका रेजीडेंसी, शिर्डीपुरम, फाइन एन्क्लेव, बीमा कुंज, सागर कुंज, बंजारी ए सेक्टर, क्वॉलिटी होम्स, नवाब कॉलोनी, कान्हाकुंज कॉलोनी, शिव नगर फेस-1, 2 और 3 व आसपास के इलाके में बिजली बंद रहेगी।

राजधानी में 60 किलो पनीर जब्त

एनालाग पनीर को लेकर भोपाल में बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग ने मुखबिर की सूचना पर सोनागिरी स्थित गोपाल डेरी पर दबिश। जहां से 60 किलो पनीर जब्त किया गया है। पनीर की गुणवत्ता और स्वरूप संदिग्ध मिलने पर नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि एनालाग पनीर सीहोर से लाया गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m