MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 8:50 बजे भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। सुबह 10:00 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दिल्ली में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मोहन सरकार का किफायत का मंत्र

डॉ मोहन यादव की सरकार ने फिजूल खर्ची पर रोक लगाई है। मंत्री-अफसरों के नई गाड़ी के प्रस्ताव मंजूर नहीं होंगे। दफ्तर सजाने के लिए भी बजट नहीं मिलेगा। महंगे उपकरण और फालतू यात्राओं पर रोक लगाई गई है। बताया जा रहा है कि दिसंबर में दूसरा अनुपूरक बजट आएगा। जिसमें केवल जरूरी प्रस्ताव ही शामिल होंगे।

प्रदेश सह प्रभारी का भोपाल दौरा

बीजेपी की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा भोपाल दौरे पर रहेंगी। वे आज सुबह 10 बजे बोर्ड ऑफिस चौराहा पहुंचेंगी। जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करेंगी। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद रेखा वर्मा का पहला कार्यक्रम है। बीजेपी संगठन में नई जिम्मेदारी के बाद पहला सार्वजनिक कार्यक्रम होगा।

15 दिन में दूसरी बार राहुल गांधी का एमपी दौरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बालाघाट के दौरे पर रहेंगे। वेजगला गांव पहुंचकर मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे। वे सुबह 10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से महाराष्ट्र के गोंदिया के लिए रवाना होंगे। 11:45 बजे गोंदिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे गोंदिया से बाय रोड बालाघाट के जगला गांव के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:15 बजे जगला गांव पहुंचेंगे। यहां कुपोषण और मलेरिया में जिन बच्चों की मौत हुई उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। जगला गांव में करीब 45 मिनट रुकेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे। दोपहर 3:10 बजे जगला गांव से गोंदिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। शाम 5:44 बजे गोंदिया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन

राजधानी भोपाल के डीबी मॉल के सामने कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। युवा अधिवक्ता और भाजपा युवा नेता दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से मौत पर विरोध जताएगी। बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान खुले तार और अव्यवस्थित बिजली खंभों का मुद्दा उठाया जाएगा। मेट्रो कार्यों से बदहाल सड़कों, स्मार्ट सिटी व्यवस्था पर भी नाराजगी जताएगी।

मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर 185 आपत्तियां

भोपाल के मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर 185 आपत्तियां है। इनमें ऑनलाइन, ऑफलाइन और ईमेल से 5 दिन में आपत्तियां आई है। अलाइनमेंट, 18 मीटर की सड़क और बाघ मूवमेंट एरिया से सड़क हटाने की सबसे ज्यादा मांग है। ग्रीन बेल्ट और कृषि भूमि को आवासीय करने पर आपत्तियां है। आसपास के गांवों में बसाहट वाली जगह को प्रतिबंधित जोन में जाने से आपत्ति है। लहारपुर में 30 साल से 600 एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि को डूब क्षेत्र से बाहर करने पर भी आपत्ति है। आपको बता दें कि 25 अक्टूबर तक दावा आपत्ति की मियाद है।

आज से 7 दिनों तक राशन दुकानों पर ताले

आज से 7 दिन तक प्रदेशभर की राशन दुकानों पर ताले लगे रहेंगे। प्रदेश की 26 हजार उचित मूल्य दुकान बंद रहेगी। भोपाल की 400 उचित मूल्य दुकान भी बंद रहेगी। दरअसल, कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया गया है। राशन वितरण पर 90 रुपए प्रति क्विंटल मिलने वाले कमीशन को 250 रुपए तक बढ़ाने की मांग है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m