MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मुंबई दौरे पर रहेंगे। जहां वे फार्मा और मेडिकल डिवाइस सेक्टर के उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले सीएम का बड़ा संवाद होगा। मुंबई में होने वाले इस संवाद में मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे विशेष औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को उद्योगों के सामने रखा जाएगा। वे प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे।
संवाद में चार बड़े प्रोजेक्ट पर चर्चा
मध्य प्रदेश सरकार का फोकस सेक्टर आधारित निवेश को उद्योगों की जरूरत से जोड़ने पर है। मुंबई संवाद में चार बड़े प्रोजेक्ट प्रमुखता से रखे जाएंगे। ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, नर्मदापुरम के बाबई मोहासा का रिन्यूएबल एनर्जी इक्विपमेंट जोन, धार का पीएम मित्र पार्क और उज्जैन का मेडिकल डिवाइसेज पार्क। इस दौरान फार्मा और मेडिकल डिवाइसेज क्षेत्र पर विशेष राउंडटेबल होगी। उज्जैन मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। बैठकों में जमीन, बिजली, लॉजिस्टिक्स, कुशल मानव संसाधन और नीतिगत सहयोग जैसे मुद्दों पर सीधी चर्चा होगी। उद्योगपतियों के सुझावों के आधार पर निवेश सुविधा व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा। मुंबई में भारत स्थित विदेशी मिशनों के साथ भी संवाद होगा, ताकि प्रदेश के निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तक पहुंचाया जा सके।
CM के मिनट टू मिनट कार्यक्रम
सीएम डॉ मोहन यादव गुरुवार सुबह 10:35 बजे स्टेट हैंगर भोपाल से रवाना होंगे। सुबह 10:55 बजे विमान से मुंबई के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12:25 बजे मुंबई के लोअर परेल स्थित द सेंट रेजिस होटल पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक मध्यप्रदेश में निवेश अवसरों के संबंध में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 8 बजे होटल से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8:35 बजे मुंबई से भोपाल के लिए रवाना होंगे। रात 10:10 बजे स्टेट हैंगर पहुंचने के बाद निवास के लिए रवाना होंगे।
कांग्रेस का पैदल मार्च
भोपाल में आज कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च होगा। दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने घटना को लोकतंत्र का काला दिवस बताया है। आज शाम 5 बजे व्यापम चौराहे से बोर्ड ऑफिस चौराहे तक पैदल मार्च निकलेगा। डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे बैठकर विरोध प्रदर्शन होगा। जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल होंगे।
राजधानी में आज NO UPI DAY
MDR के विरोध में दाल चावल व्यापारी संघ ने नो यूपीआई डे का फैसला लिया है। भोपाल के जुमेरती, हनुमानगंज के व्यापारी आज ऑनलाइन पेमेंट नहीं लेंगे। आरोप है कि MDR चार्ज से छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
31 दिसंबर तक की स्थिति में बनेगी प्रमोशन लिस्ट
31 दिसंबर तक की स्थिति में प्रमोशन की लिस्ट बनेगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी डिपार्टमेंट को सर्कुलर जारी किया है। नवंबर तक DPC मीटिंग के निर्देश दिए है। पद खाली होते ही कर्मचारी प्रमोट होंगे। सीएम डॉ मोहन यादव ने निर्देश दिए थे कि कोई भी प्रमोशन से छूटे नहीं। अगस्त की डीपीसी के बाद छूटे अधिकारी कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।
पुलिस की छुट्टियां रद्द
नवरात्रि और दशहरा त्योहार को देखते हुए पुलिस की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। इस संबंध में डीजीपी ने आदेश जारी किया है। 11 से 25 अक्टूबर तक फील्ड पर पूरा बल रहेगा। सांप्रदायिक सौहार्द को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस की कड़ी तैयारी है। इमरजेंसी में एसपी जोनल आईजी सीमित छुट्टी दे सकेंगे। वहीं डीजीपी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की छुट्टी स्वीकृत करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

