MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज उत्तराखंड और नई दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। जहां वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 8 बजे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। 8:30 बजे इंदौर से देहरादून के लिए उड़ान भरेंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम सुबह 10:25 बजे देहरादून से अल्मोड़ा के कनरा हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11:15 बजे श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम आश्रम जाएंगे। दोपहर 2:30 बजे आश्रम से वापसी कर कनरा हेलीपेड के लिए रवाना होंगे। 2:55 बजे अल्मोड़ा से देहरादून के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे। 3:50 बजे देहरादून से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। 4:25 बजे दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रीवा और सीधी दौरे पर PCC चीफ
PCC चीफ जीतू पटवारी आज रीवा और सीधी जिले के दौरे पर रहेंगे। जीतू पटवारी रीवा में नवीन जिला कांग्रेस कार्यालय का भूमिपूजन करेंगे। वे रीवा और मऊगंज के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष और नगर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इसके बाद सीधी जिले के लिए रवाना होंगे। जीतू पटवारी यहां भी सीधी और सिंगरौली के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष और नगर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
कलेक्टर-कमिश्नरों के साथ CS अनुराग जैन की कॉन्फ्रेंस
मुख्य सचिव अनुराग जैन की आज कलेक्टर-कमिश्नरों के साथ कॉन्फ्रेंस होगी। प्रदेश के सभी संभागायुक्त और कलेक्टर्स के साथ वर्चुअली कॉन्फ्रेंस करेंगे। मुख्यमंत्री की पिछली कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। एमपी में सरकार की प्राथमिकता वाले मुद्दों पर वन टू वन चर्चा होगी। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी 29 मई को कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करेंगे।
ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में आज क्या ?
जबलपुर हाईकोर्ट में आज ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने को लेकर सुनवाई होगी। अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग को लेकर राज्य सरकार और ट्वीशा के पिता ने याचिका दायर की है। गिरिबाला सिंह की तरफ से 15 मई को अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी। न्यायालय ने उसी दिन गिरिबाला सिंह अग्रिम जमानत का लाभ प्रदान कर दिया था।
राजधानी में मॉक ड्रिल
राजधानी भोपाल में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल हुई। मंगलवार को अटल बिहारी वाजपेई परिसर में सिविल डिफेंस ने मॉक ड्रिल की। पांच टीमों ने पूर्व अभ्यास कर अपनी तैयारियों को परखा। भोपाल में रात 8 बजे अचानक से सायरन बजे। इसके बाद टीटी नगर ब्लैकआउट हो गया। करीब 10 मिनट तक लाइटें बंद रही। हवाई हमले से सुरक्षा, आगजनी समेत अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित बचाने का पूर्व अभ्यास किया गया। हवाई हमले के समय क्या करें क्या न करें लाउड स्पीकर के माध्यम से समझाइश दी गई। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तैनात रही। लोगों का रेस्क्यू कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का रिस्पांस टाइम देखा गया।
बकरीद के चलते MCU की 28 मई की परीक्षाएं टलीं
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की 28 मई को प्रस्तावित परीक्षाएं टल गई हैं। ईदुज्जुहा (बकरीद) के चलते केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
भील आर्ट एग्जीबिशन
मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की ओर से भील जनजातीय चित्रकार सुनीता भावोर के चित्रों की प्रदर्शनी का संयोजन किया गया है। 73वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी 30 मई, 2026 तक लगातार रहेगी।

