शिखिल ब्यौहार, भोपाल/हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज दिल्ली जाएंगे। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम के बाद पहला दौरा रहेगा। वे दिल्ली में केंद्रीय मंत्री समेत राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। पार्टी के संगठनात्मक निर्णयों पर चर्चा संभव है। सीएम स्थानीय कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन का दूसरा दिन
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन 2026 का आज दूसरा दिन है। ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र के मसौदे पर मंथन होगा। कार्य समूह की सिफारिशें गुरुवार को मंत्रियों की बैठक में आधार बनेगी। शाम को रविंद्र भवन में ब्रिक्स महोत्सव होगा। पहले दिन क्रिएटिव इकोनॉमी पर चर्चा, सांस्कृतिक-रचनात्मक उद्योग पर मंथन हुआ। पहले दिन कई प्रतिनिधिमंडल मानव संग्रहालय पहुंचे। जहां भारतीय लोक संस्कृति से रूबरू हुए। आपको बता दें कि 7 अगस्त को ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के संस्कृति मंत्री भोपाल पहुंचेंगे। 8 अगस्त को मंत्रियों की बैठक होगी। भारत की अध्यक्षता में तीसरी ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित ग्रामीण विकास के लिए पंचायतों को सशक्त बनाना जरूरी है। शहरी और बड़ी ग्राम पंचायतों के लिए अलग विकास एवं प्रबंधन कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। नगरों से सटी पंचायतों में सड़क और बुनियादी ढांचे के सुनियोजित विकास पर जोर दिया। अगले वर्ष ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को और व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के तहत गौपालन और गो-समितियों को बढ़ावा देने पर जोर, बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वयं सहायता समूहों को MSME से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सड़क गुणवत्ता और संधारण में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। ग्रामीण सड़कों की निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल जारी है। 10,554 ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन सेवाएं शुरू, 53,813 भवन अनुज्ञाएं जारी हुई। PM आवास योजना (ग्रामीण) में 16.20 लाख से अधिक आवास स्वीकृत, 8.19 लाख पूरे हुए। PM जनमन आवास योजना के तहत 1.48 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण हुए।
दतिया जीत के बाद कांग्रेस में ऊर्जा संचार
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी दो दिन लगातार दौरे पर रहेंगे। 6 और 7 अगस्त को कटनी, जबलपुर, सिवनी और नरसिंहपुर का दौरा करेंगे। जिला, ब्लॉक, मंडल और नगर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति पर मंथन करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद भी करेंगे। दतिया चुनावी रणनीति के साथ मतदाताओं के मन की बात पर जोर रहेगा।
आवासीय भूखंडों पर व्यवसाय गतिविधियों का मामला
सुप्रीम कोर्ट से राज्य सरकार को बड़ा झटका लगा है। राज्य सरकार की बनाई गई उच्च स्तरीय समिति के संचालक पर रोक लगाई गई है। राज्य सरकार ने 02 अगस्त को समिति गठित की थी। नगर निगम के नोटिस ऑन के खिलाफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से मिले अंतरिम स्थगन आदेश को भी सुप्रीम कोर्ट ने समाप्त कर दिया। सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश है कि सरकार और भोपाल नगर निगम पांच सप्ताह में अब तक की गई कार्रवाई और आगे की कार्य योजना की विस्तृत रिपोर्ट पेश करें। सुनवाई के दौरान नगर निगम की ओर से दलील दी गई।
राजधानी के इन 60 इलाकों में बिजली कटौती
राजधानी भोपाल में मेंटेनेंस कार्य के चलते 3 से 6 घंटे तक बिजली गुल रहेगी। सुबह 5.30 से 6.30 बजे तक सिग्नेचर 360, कृष्णा हाइट, पवित्र परिसर, कस्तूरी रॉयल, सिग्नेचर सिटी, इंद्रप्रस्थ हाइट, अटलांटिस कॉलोनी, त्रिभुवन विहार, शिव कस्तूरी वाटिका, रामायण कॉलोनी, शंकराचार्य सेफरान निकुंज हाइट्स, हेवेंस लाइन कॉलोनी एवं आसपास। सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक डीके देवस्थली फेस-1 और 2, ओपेल रेसीडेंसी, पल्लवी नगर, सुरेंद्र रेजीडेंसी, वरुण सोसायटी, बावड़ियाकलां एवं आसपास के क्षेत्र। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक सावन नगर, ओम नगर, हलालपुर बस स्टैंड, लालघाटी, बैरागढ़ रोड, बरेला गांव एवं आसपास बिजली कटौती होगी।
वहीं सुबह 10 दोपहर 3 बजे तक सीआई हाइट्स, विनीतकुंज ए सेक्टर, सांई स्टील, राजहर्ष कॉलोनी, आईना बंगलो, बंजारी एवं आसपास। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक वरुण नगर, आरके परिसर कॉलोनी, स्वागत बंगलो, एलेक्सर ग्रीन, पलासी, नाइश स्पेश कॉलोनी, प्रिंस प्रेडिसाइड, राजनगर, संजीव नगर, नयापुरा, पुलिस हाउसिंग सोसायटी, नेवरी एवं आसपास के इलाके। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कस्तूरी कार्टियार्ड, डाइमंड सिटी, राजधानी परिसर, बिठन मार्केट, ई-4 और 5 सेक्टर, गिरीशकुंज, 10 नंबर मार्केट, अपेक्स बैंक गेस्ट हाउस एवं आसपास के इलाके और सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक बंगाली कॉलोनी, रीगल होम्स, पूर्वांचल फेस-2, न्यू श्रीराम परिसर, शिवलोक फेस-2 और 6 एवं आसपास बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।
राजधानी में अमानक पानी की सप्लाई का खुलासा
खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजधानी भोपाल के इंद्रपुरी स्थित राज एंटरप्राइजेज पर छापेमार कार्रवाई की थी। बिना खाद्य लाइसेंस के 20 लीटर कैंपर और जार में प्रोसेस्ड वाटर की पैकिंग व बिक्री हो रही थी। यूनिट की उत्पादन क्षमता करीब 15 हजार लीटर प्रतिदिन पाई गई। मौके पर पेयजल गुणवत्ता जांच रिपोर्ट और आवश्यक गुणवत्ता नियंत्रण रिकॉर्ड नहीं मिले। विभाग ने प्रोसेस्ड वाटर का उत्पादन, पैकिंग और बिक्री तत्काल प्रभाव से बंद कराई।
MY अस्पताल में लागू होगा HIMS सिस्टम
एमवाय अस्पताल में 15 अगस्त से HIMS का पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा। अब डॉक्टर की लिखावट परेशानी नहीं बनेगी। पूरा इलाज डिजिटल होगा। ओपीडी की पर्ची से लेकर दवा, जांच और इलाज का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन रहेगा। मरीजों को मोबाइल पर डिजिटल पर्ची मिलेगी, डॉक्टर पुराना इलाज देख सकेंगे। पहले चरण में सर्जरी, मेडिसिन और स्किन विभाग को जोड़ा जाएगा। हर डॉक्टर का डिजिटल लॉगिन होगा, इलाज और दवा वितरण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी। दवा का स्टॉक कम होते ही सिस्टम अलर्ट देगा। एमवाय प्रदेश का पहला सरकारी अस्पताल बनेगा, जहां HIMS व्यवस्था लागू होगी।
गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की कार्रवाई के नियम बदले
अब गुम होने वाला बालिग हो या महिला-पुरुष, हर मामले में अपहरण की धाराओं के तहत जांच होगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गुमशुदगी के मामलों में प्रक्रिया बदली गई है। अब सिर्फ मिसिंग रिपोर्ट नहीं, अपहरण की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच होगी। पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी, कॉल डिटेल और अन्य सबूत जुटाने होंगे। जांच पूरी कर कोर्ट में चार्जशीट पेश करना भी अनिवार्य होगा। नई व्यवस्था से गुमशुदा लोगों की तलाश में तेजी आएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


