MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। जहां वे रासिपुरम और अविनाशी विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम दोपहर 1.00 बजे भोपाल से कोयंबटूर के रासिपुरम विधानसभा पहुंचेंगे। दोपहर 01.20 बजे रासिपुरम विधानसभा में बैठक लेंगे। शाम 4.30 बजे अविनाशी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डॉ. एल. मुरूगन के समर्थन में प्रचार करेंगे। कोयंबटूर से शाम 6.15 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे।

महिला आरक्षण पर कांग्रेस का देशव्यापी अभियान

महिला आरक्षण बिल पर सियासी संग्राम तेज हो गया है। एमपी कांग्रेस 21 अप्रैल को 29 शहरों में प्रेस वार्ताएं और संवाद कार्यक्रम करेगी। परिसीमन को लेकर कांग्रेस आज से सरकार पर काउंटर अटैक करेगी। देश के 29 बड़े शहरों में पार्टी की महिला नेत्री और महिला प्रवक्ता एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। रागिनी नायक भोपाल में, दीपिका पांडे सिंह पटना में, रजनी पाटिल अहमदाबाद में सुप्रिया श्रीनेत देहरादून में, शोभा ओझा दिल्ली में अल्का लांबा जयपुर में और पूजा त्रिपाठी जोधपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी।

निर्मला सप्रे मामले में कल विस अध्यक्ष के सामने पेश होगा जवाब

बीना विधायक निर्मला सप्रे के दल बदल मामले में कल जवाब पेश होगा। 22 अप्रैल यानी कल विधानसभा अध्यक्ष के सामने जवाब पेश किया जाएगा। यह मामला अभी विधानसभा अध्यक्ष के पास लंबित है। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार ने बताया कि इसके बाद जो जवाब वहां दिया जाएगा, वहीं हाईकोर्ट में भी पेश किया जाएगा। हाईकोर्ट ने साफ किया है कि जब तक अध्यक्ष अंतिम फैसला नहीं लेते, तब तक अदालत का हस्तक्षेप सीमित रहेगा। HC में मामले की अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी।

63 लाख 27 हजार 410 क्विंटल गेहूं की खरीदी

मध्यप्रदेश अब तक 63 लाख 27 हजार 410 क्विंटल गेहूं की खरीदी हो चुकी हैं। एक लाख 45 हज़ार 71 किसानों ने समर्थन मूल्य पर फसल बेची है। किसानों को 920 करोड़ 7 लाख रुपए का भुगतान उनके बैंक खाते में किया गया है। 5 लाख 36 हजार 367 किसानों ने 2 करोड़ 25 लाख 96 हजार 450 क्विंटल गेहूं के विक्रय के लिये स्लॉट बुक किये है। किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़कर 6 की गई। खरीदी के लिये 3171 उपार्जन केंद्र बनाये गये हैं। प्रतिदिन प्रति उपार्जन केंद्र पर गेहूं विक्रय के लिये स्लॉट बुकिंग की क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 1500 क्विंटल की गई है।

कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस का एक्शन

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने तलैया थाना क्षेत्र के इतवारा इलाके में आम जनता के साथ सीधा संवाद किया। इस जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर पुलिस कमिश्नर के सामने रखीं। कमिश्नर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। तलैया थाना प्रभारी दीपक डहेरिया और एसीपी कोतवाली संभाग चंद्रशेखर पांडे भी मौजूद रहे। कमिश्नर ने साफ कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

जनगणना ड्यूटी से बचने 2500 कर्मचारियों ने दिया आवेदन

आगामी जनगणना के लिए फील्ड वर्क की तैयारियां शुरू हो गई है। इस बीच ‎नगर निगम में ‘ड्यूटी कैंसलेशन’ का दौर भी शुरू हो गया है। ‎करीब 5000 कर्मचारियों में से ढाई हजार ने ड्यूटी कैंसिल करने के लिए आवेदन दे दिए हैं।‎ कई कर्मचारी धूप, शादी और स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर ड्यूटी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। ‎निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने दी चेतावनी बिना ठोस कारण ट्रेनिंग से अनुपस्थित रहने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। ‎16 अप्रैल से शुरू हुई ट्रेनिंग में उन्हें फील्ड पर काम करने के तरीके, ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया और डेटा कलेक्शन की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।

जबलपुर में लेंसकार्ट ड्रेस कोड को लेकर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

जबलपुर में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने लेंसकार्ट आउटलेट के सामने प्रदर्शन किया। लेंसकार्ट के कर्मचारियों को तिलक लगाकर हाथ में कलावा बांधा। लेंसकार्ट शोरूम के शटर पर भी कलावा बांधकर तिलक किया। कर्मचारियों को तिलक, बिंदी लगाने, चोटी रखने और कलावा बांधने पर लेंसकार्ट प्रबंधन ने रोक लगाई थी। गुस्साए हिंदूवादी संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लेंसकार्ट प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि हिंदू कर्मचारियों को बिंदी, सिंदूर, चोटी और कलावा की अनुमति नहीं दी गई तो लेंसकार्ट के शोरूम खुलने नहीं दिए जाएंगे। वहीं विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रदर्शन को देखते हुए लेंसकार्ट शोरूम के सामने पुलिस बल तैनात रहा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m