MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज पन्ना जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे 204.26 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे। 94.63 करोड़ रुपये के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण और 109.63 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। गुनौर, पवई और शासकीय महाविद्यालय के नए भवनों का लोकार्पण होगा। बृजपुर-सुहावा बैराज योजना और बृहस्पति कुंड सौंदर्यीकरण का भी शुभारंभ करेंगे। चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं, डायमंड म्यूजियम और संयुक्त एसडीएम कार्यालय का भूमि-पूजन, 100-100 सीटर बालक-बालिका छात्रावास और पॉलीटेक्निक भवन निर्माण की भी आधारशिला रखी जाएगी। यह कार्यक्रम पन्ना के होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित होगा।

दतिया उपचुनाव से स्टार प्रचारकों की दूरी

दतिया उपचुनाव से स्टार प्रचारकों ने दूरी बना रखी है। बीजेपी-कांग्रेस के कई स्टार प्रचार अब तक दतिया नहीं पहुंचे है। कई नेता सिर्फ नामांकन में शामिल हुए थे। कांग्रेस से दोनों पूर्व मुख्यमंत्री स्टार प्रचारक उपचुनाव से दूर है। दिग्विजय सिंह घनश्याम सिंह के नामांकन में शामिल हुए थे। कमलनाथ ने पूरी तरह दूरी बनाई है। पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, सांसद विवेक तन्खा, विधायक आरिफ मसूद अब तक नहीं पहुंचे। उमंग सिंघार आखिरी के तीन दिन दतिया में रहेंगे।

बीजेपी के भी दर्जनभर प्रचारक दूर

बीजेपी के दर्जनभर से ज्यादा स्टार प्रचारक दतिया से दूर है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, वीरेंद्र खटीक दतिया से अब तक दूर है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गी, राकेश सिंह प्रचार में नहीं गए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव समेत कई मंत्री भी अब तक नहीं पहुंचे है।

भोपाल मेट्रो में 25 जुलाई से नई व्यवस्था

भोपाल मेट्रो के सिग्नलिंग सिस्टम की ‘ओके रिपोर्ट’ आ गई है। 25 जुलाई से नई व्यवस्था लागू होगी। CMRS की मंजूरी के बाद अब दोनों ट्रैक पर मेट्रो दौडे़गी। फिलहाल एक ही ट्रैक पर मेट्रो दौड़ रही है। पीक ऑवर में हर 15 मिनिट में मेट्रो मिलेगी। 25 जुलाई से 4 नई ट्रेन दौड़ेगी। सुभाष नगर से एम्स तक ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। भोपाल मेट्रो का नया शेड्यूल जारी हुआ। अब यात्रियों को 75 मिनट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पीक आवर्स में यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। आम समय में मेट्रो हर 30 मिनट में स्टेशन पहुंचेगी। चारों ट्रेनें मिलकर दिनभर में दोनों दिशाओं 25-25 फेरे लगाएंगी यानी करीब 50 फेरे होंगे।

ट्विशा शर्मा मामले में गिरिबाला सिंह की जमानत पर सुनवाई

ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर आज विशेष सीबीआई कोर्ट में सुनवाई होगी। जमानत अर्जी कई अदालतों से गुजरने के बाद आखिरकार सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हुई है। गिरिबाला ने मां की देखभाल के लिए जमानत मांगी है। स्वास्थ्य और घर में हुई चोरी का भी हवाला दिया है।

इंदौर में छात्रों का आंदोलन जारी

नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। इंदौर के भंवरकुआं में छात्रों का प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी है। छात्रों ने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है। प्रदर्शन को स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। लोगों ने पानी, फल, पराठे, बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचाकर मदद की। दो दिन बाद शादी होने के बावजूद एक युवती आंदोलन में समर्थन देने पहुंची। कई अभ्यर्थियों ने पेपर लीक से भविष्य प्रभावित होने की बात कही है। एनईयू की प्रस्तावित रैली को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने छह छात्रों को हिरासत में लिया है। वहीं छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m